राजगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र के गांव राजपुर बड़ा में स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में बुधवार को शैक्षणिक किशोरी बाल मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में राजगढ़ ब्लॉक के 18 विद्यालयों के लगभग 700 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। मेले के दौरान बालिकाओं ने गणित, विज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी, सृजनात्मक कौशल, रोचक खेल, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वर्षा जल संग्रह और सौर ऊर्जा द्वारा विद्युत उत्पादन जैसे विषयों पर करीब 30 स्टॉल लगाई, जिनका अतिथियों एवं छात्र-छात्राओं ने अवलोकन किया। मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा सरस्वती माता के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर और फीता काटकर विधिवत रूप से किया गया। कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं ने राजस्थानी संस्कृति और देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को शील्ड भेंट कर सम्मानित भी किया गया।















