मुजफ्फरनगर। माध्यमिक शिक्षा क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज, पुरकाजी के छात्र–छात्राओं को पुलिस व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की जानकारी देने के उद्देश्य से एक शैक्षिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य और समस्त स्टाफ के नेतृत्व में छात्र–छात्राएँ पुरकाजी थाना परिसर पहुँचे, जहां थाना अध्यक्ष जयवीर सिंह ने सभी का स्वागत किया और बच्चों को थाने का भ्रमण कराया।भ्रमण के दौरान थाना अध्यक्ष ने बच्चों को विस्तार से पुलिस की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार पुलिस समाज की सुरक्षा सुनिश्चित करती है, अपराध रोकने के लिए योजनाएं बनाती है और आम नागरिकों की सहायता करती है। इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को रिकॉर्ड रखने की प्रक्रिया, एफआईआर दर्ज करने की विधि और कानून–व्यवस्था बनाए रखने के तरीकों के बारे में भी जानकारी दी। छात्रों को थाने के विभिन्न हिस्सों का दौरा कराया गया, जिससे उन्हें पुलिस के रोजमर्रा के कामकाज का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हुआ।विद्यार्थियों को “हर्षित बीटल” नामक बैरिक/मीटिंग हॉल में एकत्र किया गया, जहां थाना अध्यक्ष ने विस्तार से समझाया कि पुलिस किस प्रकार अपराधियों पर अंकुश लगाती है और समाज में शांति बनाए रखने के लिए कार्य करती है। उन्होंने कहा कि पुलिस केवल अपराध रोकने का ही कार्य नहीं करती बल्कि सामाजिक सरोकारों में भी अहम योगदान देती है।इस दौरान बच्चों की जिज्ञासा और उत्साह को देखकर एक विशेष क्षण तब आया जब कक्षा 11 की छात्रा आयशा को मानद थाना अध्यक्ष नियुक्त किया गया। आयशा ने कानून–व्यवस्था पर चर्चा की और साथ ही पुलिस कार्यप्रणाली से जुड़े प्रश्न भी पूछे। यह पल विद्यार्थियों के लिए गर्व और उत्साह का विषय रहा।यात्रा के अंत में थाना अध्यक्ष ने सभी छात्रों को प्रेरणादायक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कानून का पालन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है और हर विद्यार्थी को ईमानदारी, अनुशासन और देशभक्ति जैसे मूल्यों का पालन करना चाहिए। उन्होंने बच्चों को यह समझाया कि जीवन में अनुशासन और जिम्मेदारी ही सफलता की कुंजी है।इस शैक्षिक भ्रमण से छात्रों को न केवल पुलिस व्यवस्था की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव मिला, बल्कि उनमें अनुशासन, जिम्मेदारी और कर्तव्य भावना का भी विकास हुआ। इससे विद्यार्थियों को यह समझने का अवसर मिला कि पुलिस किस प्रकार दिन–रात समाज की सुरक्षा में तत्पर रहती है।भ्रमण के समापन पर थानाध्यक्ष की ओर से छात्रों और शिक्षकों के लिए सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था भी की गई। इस कार्यक्रम से सभी छात्र–छात्राओं और स्टाफ में उत्साह देखने को मिला। सभी ने थाना अध्यक्ष और उनके स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए इस अनुभव को जीवनभर यादगार बताया।















