मुजफ्फरनगर के विकास भवन सभागार में मेधावी छात्र अलंकरण एवं मुख्यमंत्री विद्यालयी खेल पुरस्कार समारोह का आयोजन भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल और भाजपा जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी ने संयुक्त रूप से विद्यार्थियों को सम्मानित किया। हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की परिषदीय बोर्ड परीक्षा में जिले में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कुल 22 विद्यार्थियों को 21,000 रुपये की धनराशि, टैबलेट, प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 5 छात्र–छात्राओं को भी चेक, मेडल और प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार शिक्षा और खेलों को बराबर बढ़ावा दे रही है और विद्यार्थियों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मेहनत, लगन और सही दिशा में प्रयास से छात्र–छात्राएं किसी भी दिशा में सफल भविष्य बना सकते हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष ने बच्चों से निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया और कहा कि यही बेहतर भविष्य की नींव है। भाजपा जिला अध्यक्ष ने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अध्यापक–शिक्षिकाओं की मेहनत से ही छात्रों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार हो रहा है।जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने बच्चों को प्रेरणा देते हुए कहा कि उन्हें अपने भविष्य के निर्णय स्वतंत्र रूप से लेने दें और अभिभावकों को बच्चों की रुचि के अनुसार मार्गदर्शन देना चाहिए। उन्होंने सभी बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार श्रीवास ने बताया कि इस वर्ष जनपद की रैंकिंग बोर्ड परीक्षाओं में पहले से बेहतर रही है। उन्होंने सभी सम्मानित छात्रों को शुभकामनाएं दीं और अतिथियों का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम का संचालन डॉ. रणवीर सिंह ने किया। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार, नितिन कुमार, जिला समन्वयक आशीष द्विवेदी, ललित मोहन गुप्ता, सन्दीप कौशिक, साक्षी देशवाल, मीनाक्षी आर्य सहित कई अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक एवं छात्र–छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन लाइव प्रसारण के माध्यम से देखा गया।















