मुजफ्फरनगर में होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर सख्ती, 17 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच होगी परीक्षा

मुजफ्फरनगर। आगामी 25, 26 और 27 अप्रैल को आयोजित होने वाली ‘उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती लिखित परीक्षा-2026’ को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकल विहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने स्वयं परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनपद में इस भर्ती परीक्षा के लिए कुल 17 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां परीक्षा तीन दिनों तक प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाना है।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखा और सीसीटीवी कैमरों की सक्रिय निगरानी, अभ्यर्थियों की पहचान के लिए बायोमैट्रिक स्कैनर, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा हेतु मजबूत स्ट्रांग रूम व्यवस्था और अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, शौचालय तथा बैग व मोबाइल जमा करने की सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार पर अभ्यर्थियों की गहन तलाशी ली जाए और किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस या अनुचित सामग्री अंदर न जाने दी जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, केंद्र व्यवस्थापक, प्रबंधक और भारी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद रहा। प्रशासन की सक्रियता से साफ है कि जिले में परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रहने वाली है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts