सीएम युवा योजना की समीक्षा में बैंकों पर सख्ती,

मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा) योजना की प्रगति को लेकर विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बैंकवार ऋण स्वीकृति, वितरण और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष कम ऋण स्वीकृति और वितरण पर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने सभी बैंकों को पात्र लाभार्थियों के ऋण प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करते हुए समयबद्ध ऋण स्वीकृति एवं वितरण के निर्देश दिए।

एक्सिस बैंक द्वारा वित्तीय वर्ष में मात्र एक ऋण वितरित किए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए उपायुक्त उद्योग को शाखा प्रबंधक के विरुद्ध लिखित कार्रवाई के निर्देश दिए। शून्य ऋण वितरण वाली अन्य शाखाओं के प्रबंधकों के विरुद्ध भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। HDFC बैंक, इंडियन बैंक, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक और बैंक ऑफ इंडिया की अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर भी अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए गए।

पंजाब नेशनल बैंक की कुतुबपुर, कवाल, रोहना कला, छपार, सुजड़ू, कल्याणपुर फुगाना, खुड्डा और कोर्ट रोड शाखाओं की भी समीक्षा की गई। इन शाखाओं को योजना में सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। बैठक से अनुपस्थित जिला समन्वयक बैंक ऑफ इंडिया तथा पुरकाजी, बैंक ऑफ बड़ौदा रुड़की रोड, डिन्दावली और एसबीआई रोहना कलां के शाखा प्रबंधकों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सीएम युवा शासन की प्राथमिकता वाली योजना है। इसमें लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उपायुक्त उद्योग जैस्मीन, सहायक आयुक्त उद्योग आशीष कुमार, अग्रणी जिला प्रबंधक अनिल कुमार सहित संबंधित बैंक अधिकारी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts