मुजफ्फरनगर में आयोजित UPPSC समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने मिलकर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। इस क्रम में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने जिले के प्रमुख परीक्षा केंद्रों—एसडी पब्लिक स्कूल, एमजी पब्लिक स्कूल, डीएस पब्लिक स्कूल और ग्रेन चेम्बर पब्लिक स्कूल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
अधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, जैमर की कार्यप्रणाली, बायोमैट्रिक स्कैनर की व्यवस्था, मुख्य प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच, शौचालय, पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं तथा अभ्यर्थियों के मोबाइल व बैग जमा करने की व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा देने आए प्रत्येक अभ्यर्थी की विधिवत चेकिंग और प्रवेश पत्र का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्थिति में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस परीक्षा केंद्र में न ले जाने दी जाए। यदि किसी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुँचने में कोई परेशानी होती है, तो उसे हरसंभव सहायता दी जाए।
परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा हो रही है। इसके अलावा परीक्षा हॉल और परिसर में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के उपयोग को रोकने के लिए जैमर लगाए गए हैं। प्रशासन ने केंद्रों पर मजिस्ट्रेट और पर्यवेक्षकों की तैनाती के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया है। ट्रैफिक पुलिस की पर्याप्त संख्या में तैनाती कर यह सुनिश्चित किया गया है कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की जाम या अन्य समस्या का सामना न करना पड़े।
प्रशासन की सक्रियता और सतर्कता से यह स्पष्ट है कि इस बार यूपीपीएससी परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।















