बरसात का मौसम गर्मी से राहत तो देता है, लेकिन रसोई में रखी कई चीजों के लिए मुश्किलें भी बढ़ा देता है. इस मौसम में नमी और सीलन बढ़ने की वजह से आलू और प्याज जल्दी खराब होने लगते हैं. कई बार कुछ ही दिनों में इनमें सड़न शुरू हो जाती है और एक खराब आलू या प्याज पूरे स्टॉक को खराब कर देता है. ऐसे में अगर आप चाहते हैं कि बरसात में भी आलू और प्याज लंबे समय तक सुरक्षित रहें, तो इन्हें सही तरीके से स्टोर करना बहुत जरूरी है. तो आइए जानते हैं कि बरसात में आलू और प्याज तेजी से क्यों सड़ते हैं और इन्हें कैसे स्टोर करें.
बरसात में आलू और प्याज तेजी से क्यों सड़ते हैं ?
बरसात के मौसम में हवा में नमी काफी बढ़ जाती है. ऐसे मौसम में गर्मी और सीलन के कारण सड़न फैलाने वाले बैक्टीरिया और दूसरे सूक्ष्म जीव तेजी से पनपने लगते हैं. अगर आलू और प्याज को ऐसी जगह रखा जाए, जहां हवा का सही तरीके से आना-जाना न हो, तो वे बहुत जल्दी गलने और खराब होने लगते हैं. इसके अलावा बारिश के दौरान मिट्टी के संपर्क में आने से आलू में लेट ब्लाइट, स्कैब और ब्लैकलेग जैसी बीमारियां भी फैल सकती हैं. वहीं आलू के बीटल और एफिड जैसे कीट भी सड़न बढ़ाने का कारण बन सकते हैं.
आलू और प्याज को कैसे रखें
आलू और प्याज को कभी भी एक साथ स्टोर नहीं करना चाहिए, चाहे एक ही अलमारी या पेंट्री में क्यों न रखे हों. प्याज से एथिलीन गैस निकलती है, जो आलू में जल्दी अंकुर निकलने और खराब होने की प्रक्रिया को तेज कर देती है. वहीं आलू से निकलने वाली नमी प्याज में सड़न और फफूंदी का कारण बन सकती है. इसलिए दोनों को अलग-अलग जगह पर रखना बेहतर माना जाता है.
आलू को कैसे स्टोर करें?
आलू को हमेशा ठंडी, सूखी और अंधेरी जगह पर रखें. स्टोर करने के लिए कागज का बैग, सूती थैला, जालीदार बैग या खुली टोकरी का इस्तेमाल करें. आलू को फ्रिज में नहीं रखना चाहिए. इससे बहुत कम तापमान पर उसका स्टार्च शुगर में बदलने लगता है. स्टोर करने से पहले आलू को धोएं नहीं, सिर्फ लगी हुई मिट्टी को हल्के हाथ से साफ कर दें. धोने से नमी बढ़ती है, जिससे आलू जल्दी सड़ सकते हैं.
प्याज को कैसे स्टोर करें?
प्याज को ठंडी, सूखी और अच्छी हवा वाली जगह पर रखें. इसे जालीदार टोकरी, वायर बास्केट या ऐसे बर्तन में रखें जहां हवा आसानी से आती-जाती रहे. प्याज को नमी और सीधी धूप से दूर रखना चाहिए.
प्लास्टिक बैग का इस्तेमाल क्यों नहीं करना चाहिए?
आलू और प्याज को प्लास्टिक की थैली में रखने से हवा नहीं पहुंचती और अंदर नमी जमा होने लगती है. ऐसे में सड़न और फफूंदी का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए प्लास्टिक बैग की जगह सूती थैले या खुली टोकरी का इस्तेमाल करना बेहतर होता है. बरसात के मौसम में आलू और प्याज को हफ्ते में कम से कम एक बार जरूर देखें. अगर कोई आलू या प्याज नरम, अंकुरित या सड़ा हुआ दिखाई दे, तो उसे तुरंत अलग कर दें.























































