मोरना क्षेत्र के भोकरहेड़ी स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर एक में अज्ञात शरारती तत्वों ने रात के अंधेरे में घुसकर तोड़फोड़ की, जिससे विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई। शरारती तत्वों ने विद्यालय परिसर में लगे वॉश बेसिन को ईंटों से तोड़ दिया और अन्य सामानों को भी नुकसान पहुंचाया। यह घटना भोपा थाना क्षेत्र की है। विद्यालय की इंचार्ज वंदना शर्मा ने इस घटना को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है और कहा कि यह विद्यालय की सुरक्षा में गंभीर चूक है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को लिखित रूप से शिकायत देकर तुरंत कार्रवाई की मांग की है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि ऐसे मामलों में कठोर कदम न उठाए गए तो बच्चों की पढ़ाई और मानसिक स्थिति दोनों प्रभावित हो सकते हैं। घटना ने विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों में भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है। लोगों ने विद्यालय परिसर में सुरक्षा गार्ड तैनात करने और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है।















