मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य सपना कश्यप के मुजफ्फरनगर आगमन पर लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में अधिकारियों द्वारा उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से जुड़े विभिन्न मामलों की जनसुनवाई कर शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई कार्यक्रम में घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद, श्रम विभाग से संबंधित मामलों, पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाए जाने संबंधी कुल 24 प्रार्थना पत्र एवं शिकायतें प्राप्त हुईं। सभी मामलों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रेषित करते हुए शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही पूर्व में प्राप्त शिकायतों और उनके निस्तारण की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान सपना कश्यप ने आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आमजन से अधिक से अधिक संख्या में योग कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की। उन्होंने योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताते हुए संबंधित जागरूकता पम्फलेट भी वितरित किए।
जनसुनवाई में पहुंची महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उपस्थित चिकित्सकों ने महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण भी किया। इस पहल की महिलाओं ने सराहना की और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त किया।
कार्यक्रम के बाद राज्य महिला आयोग सदस्य ने जिला कारागार मुजफ्फरनगर का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला बैरक का दौरा कर वहां निरुद्ध महिलाओं से संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं, सुविधाओं तथा आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। जेल अधीक्षक अभिषेक चौधरी ने उनका स्वागत करते हुए महिला बंदियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं से अवगत कराया।
जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. आभार आत्रेय, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा, डिप्टी जेलर दीपक कुमार, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी दीक्षा उपाध्याय, बाल विकास परियोजना अधिकारी संतोष कुमार, पुलिस उपाधीक्षक ऋषिका सिंह, प्रभारी महिला थाना संगीता चौधरी, उप निरीक्षक ज्योति तोमर, श्रम प्रवर्तन अधिकारी शालू राणा, खंड शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार द्वारा किया गया। कार्यक्रम में संरक्षण अधिकारी नीना त्यागी, केंद्र प्रबंधक पूजा नरूला, केस वर्कर प्रियंका उज्जवल, पूनम शर्मा तथा जिला प्रोबेशन कार्यालय के सचिन कुमार, नाथी राम, अरुण कुमार, नितिन त्यागी और अजय कुमार सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। जनसुनवाई के माध्यम से महिलाओं की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से देखने को मिली।















