मुजफ्फरनगर में वरदान नेत्र चिकित्सालय में अत्याधुनिक ग्लूकोमा जांच मशीन का शुभारंभ,

मुजफ्फरनगर। जनपदवासियों के लिए राहतभरी खबर है। प्रेमपुरी स्थित वरदान नेत्र चिकित्सालय में अत्याधुनिक ग्लूकोमा (काला मोतिया) जांच मशीन का शुभारंभ प्रसिद्ध समाजसेवी एवं टिहरी स्टील के चेयरमैन सतीश चंद्र गोयल ने किया। इस नई तकनीक के शुरू होने से अब मरीजों को ग्लूकोमा की उन्नत जांच के लिए दिल्ली, मेरठ या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि यह मशीन जनपद में पहली बार स्थापित की गई है और इसकी जांच का शुल्क भी आम लोगों की पहुंच के अनुरूप रखा गया है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सतीश चंद्र गोयल ने कहा कि वरदान नेत्र चिकित्सालय बेहद कम शुल्क पर आधुनिक नेत्र चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराकर समाज के सभी वर्गों की सेवा कर रहा है। उन्होंने कहा कि बढ़ती चिकित्सा लागत के दौर में अस्पताल का सेवा भाव और आधुनिक तकनीक से उपचार उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है।

वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. स्वाति अग्रवाल ने बताया कि ग्लूकोमा, जिसे काला मोतिया और “दृष्टि का मूक चोर” भी कहा जाता है, शुरुआती अवस्था में बिना किसी स्पष्ट लक्षण के आंखों की रोशनी को स्थायी रूप से नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने विशेष रूप से 40 वर्ष से अधिक आयु के लोगों, मधुमेह और उच्च रक्तचाप से पीड़ित मरीजों को नियमित जांच कराने की सलाह दी।

संस्थान के अध्यक्ष शिवचरण दास गर्ग ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य आधुनिक नेत्र चिकित्सा को आमजन तक सुलभ बनाना है। सचिव पवन कुमार गोयल ने बताया कि अस्पताल में अत्याधुनिक फेको तकनीक से सफेद मोतियाबिंद के ऑपरेशन भी किफायती शुल्क पर किए जा रहे हैं। यहां कम्प्यूटराइज्ड नेत्र जांच, चश्मे का परीक्षण, काला मोतिया, मोतियाबिंद और मधुमेह से होने वाले नेत्र रोगों की जांच एवं उपचार जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। कार्यक्रम में अजय कुमार अग्रवाल, भानु प्रताप अग्रवाल, रामकुमार तायल, योगेन्द्र जैन, राजेन्द्र गोयल, अरविंद मित्तल, संजीव अग्रवाल, डॉ. विनीता जैन, राजेश मित्तल, पंकज जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts