मुजफ्फरनगर। पुलिस विभाग में अनुशासन, एकरूपता और शारीरिक दक्षता को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी लेने के साथ-साथ पुलिसकर्मियों के साथ दौड़ लगाकर उनकी शारीरिक क्षमता और फिटनेस का भी जायजा लिया। एसएसपी की इस सक्रिय भागीदारी से पुलिसकर्मियों में उत्साह देखने को मिला।
परेड का संचालन सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा द्वारा किया गया। सलामी के बाद एसएसपी ने पुलिसकर्मियों के टर्न-आउट का बारीकी से निरीक्षण किया और वर्दी की साफ-सफाई एवं अनुशासन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने टोलीवार ड्रिल कराते हुए शस्त्रों के सही उपयोग और उनके रख-रखाव का अभ्यास कराया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शस्त्रों के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु आरक्षियों की आगामी पासिंग आउट परेड की तैयारियों का भी जायजा लिया गया। एसएसपी ने उन्हें अनुशासन, समयपालन और शारीरिक दक्षता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस वाहनों की फिटनेस जांचते हुए खुद हूटर और अन्य आवश्यक उपकरणों का परीक्षण किया और कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
डायल-112 की टीम को संबोधित करते हुए एसएसपी ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि रिस्पॉन्स टाइम को न्यूनतम रखा जाए और प्रत्येक ड्यूटी पॉइंट पर पूरी सतर्कता के साथ कार्य किया जाए। इसके बाद उन्होंने पुलिस भोजनालय और बैरकों का औचक निरीक्षण कर साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता की जांच की।अंत में अर्दली रूम में अभिलेखों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा, प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।















