बुढ़ाना में सपा का मतदाता जागरूकता अभियान तेज, 13 ई-रिक्शाओं को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

बुढ़ाना। समाजवादी पार्टी द्वारा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के बीच मतदाता जागरूकता अभियान को तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में शुक्रवार सायं बुढ़ाना कस्बे के कांधला रोड पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष जिया चौधरी और समाजवादी शिक्षक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्येंद्र पाल ने संयुक्त रूप से अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय सचिव नवाब इम्तियाज के प्रतिष्ठान से एक दर्जन से अधिक ई-रिक्शाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये ई-रिक्शाएं बुढ़ाना विधानसभा क्षेत्र में पीडीए प्रहरी के रूप में घर-घर जाकर मतदाताओं को जागरूक करेंगी।इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने कहा कि जिस प्रकार बिहार में पीडीए समाज के मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाने की कोशिशें सामने आई हैं, उसी तरह उत्तर प्रदेश में भी ऐसे प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत रखने के लिए हर मतदाता का नाम सूची में होना जरूरी है। इसी उद्देश्य से पार्टी ने पीडीए प्रहरी बनकर जागरूकता अभियान को और तेज किया है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रह जाए।

सपा नेता सत्येंद्र पाल ने बताया कि ई-रिक्शाओं के चारों ओर एसआईआर से संबंधित जागरूकता संदेश लिखे गए हैं। ये ई-रिक्शाएं मोहल्लों और गांवों में जाकर लोगों को यह जानकारी देंगी कि वे समय रहते अपने वोट बनवाएं या संशोधन कराएं। उन्होंने कहा कि पार्टी का मकसद लोगों तक सीधे पहुंचना, उन्हें जागरूक करना और फॉर्म छह भरवाकर उनके वोट सुरक्षित कराना है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि अंतिम दिन का इंतजार न करें, बल्कि अभी अपने बीएलओ से संपर्क करें। जहां बीएलओ उपलब्ध न हों, वहां इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएं।अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय सचिव नवाब इम्तियाज ने कहा कि उनके नेतृत्व में कुल 13 ई-रिक्शाएं एसआईआर प्रक्रिया के प्रचार-प्रसार में लगाई गई हैं। ये वाहन लगातार क्षेत्र में घूमकर लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और त्रुटियों को ठीक कराने के लिए प्रेरित करेंगे।कार्यक्रम में सभासद गुलफाम खान, फिरोज कुरैशी, इनाम कुरैशी, मुफ्ती आस मोहम्मद कासमी, जमशेद अंसारी, इरफान, सलमान इम्तियाज, अब्दुल्ला इम्तियाज, प्रदीप डबास, मुनव्वर इम्तियाज, सपा जिला सचिव इकबाल कुरैशी और हसीन कुरैशी सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर मतदाता जागरूकता अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts