मुजफ्फरनगर के जानसठ तहसील अंतर्गत शुक्रतीर्थ क्षेत्र में उप जिलाधिकारी जयेंद्र सिंह के नेतृत्व में प्रत्येक रविवार को विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान उमेश मिश्रा के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संचालित हो रहा है। हाल ही में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य सपना कश्यप ने इस अभियान में सहभागिता की। उपजिलाधिकारी और तहसीलदार सतीश चंद्र बघेल द्वारा उन्हें पारंपरिक पगड़ी और पटका भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर गंगा घाटों और शुक्रतीर्थ आबादी क्षेत्र में व्यापक साफ-सफाई की गई। गंगा सफाई अभियान में लगे सफाईकर्मियों को फूलमालाएं पहनाकर और उपहार देकर सम्मानित किया गया, जिसमें महिला आयोग की सदस्य, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष, उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, प्रबंधक, दीपक कृष्णात्रेय और क्षेत्र के प्रधानों ने भाग लिया। एएनएम ट्रेनिंग सेंटर की ट्रेनी छात्राओं ने भी इस अभियान में अहम भूमिका निभाई। बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने उपस्थित सभी लोगों को निर्मल और अविरल गंगा हेतु स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस अभियान में तहसीलदार सतीश चंद्र बघेल, नमामि गंगे के अधिकारी, ग्राम प्रधान, नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी भी सक्रिय रूप से शामिल रहे। इस पहल से आमजन में स्वच्छता को लेकर जागरूकता फैली है। श्रद्धालु एवं स्थानीय निवासी अभियान की निरंतरता की सराहना कर रहे हैं और इसे जन आंदोलन का रूप देने की बात कह रहे हैं। उप जिलाधिकारी ने सभी को आश्वस्त किया है कि यह सफाई अभियान भविष्य में भी हर रविवार को चलता रहेगा, वहीं तहसीलदार ने सभी प्रतिभागियों का आभार जताया।















