मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर एवं उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के संयुक्त तत्वावधान में शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक उन्मूलन को लेकर विशेष जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य आम जनता, दुकानदारों और व्यापारियों को प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक तथा पॉलीथीन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और इसके उपयोग पर प्रभावी रोक लगाना था। इसके तहत अधिकारियों की टीम ने रानी झांसी चौक एवं मौलाहेड़ी मार्केट क्षेत्र में स्थित विभिन्न दुकानों का निरीक्षण किया तथा विक्रेताओं और ग्राहकों से प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का उपयोग न करने की अपील की।
अभियान के दौरान टीम ने दुकानदारों को बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण, मानव स्वास्थ्य और पशुओं के लिए अत्यंत हानिकारक है। प्लास्टिक कचरा नालियों और जल स्रोतों को अवरुद्ध करता है, जिससे जलभराव और प्रदूषण जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। अधिकारियों ने व्यापारियों से अनुरोध किया कि वे प्लास्टिक थैलियों के स्थान पर कपड़े, जूट अथवा अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्पों का उपयोग करें तथा अपने ग्राहकों को भी इसके लिए प्रेरित करें।निरीक्षण के दौरान 14 दुकानों की जांच की गई, जिनमें से कई दुकानों पर प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का भंडारण पाया गया। टीम ने कुल 4 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त कर उसे नियमानुसार नष्ट करने की कार्रवाई की। साथ ही संबंधित दुकानदारों को भविष्य में प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग अथवा भंडारण न करने की सख्त चेतावनी दी गई। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित दुकानों से 500 रुपये का चालान भी वसूला गया।
अधिकारियों ने कहा कि सरकार द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जनसहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केवल प्रशासनिक कार्रवाई से ही नहीं, बल्कि नागरिकों की जागरूकता और सहयोग से ही प्लास्टिक मुक्त समाज का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। अभियान के दौरान लोगों ने भी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक का उपयोग कम करने और वैकल्पिक साधनों को अपनाने का संकल्प लिया।
इस अभियान में नगर पालिका परिषद की ओर से सफाई निरीक्षक पलक्षा मैनवाल, रुचि शर्मा, आकाशदीप, सोनू मित्तल, गौरव बी.सी., जिला कार्यक्रम प्रबंधक स्वच्छ भारत मिशन सुशील कुमार, दीपक सैनी (आईटीसी मिशन सुनहरा कल) तथा उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से आकाश जोशी एवं शुभम सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में भी शहर के विभिन्न बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर ऐसे अभियान चलाए जाएंगे ताकि सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके और स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त वातावरण का निर्माण किया जा सके।















