एसपी नगर सत्यनारायण प्रजापत ने थाना सिविल लाइन में अर्दली रूम कर दिए सख्त निर्देश,

मुजफ्फरनगर। पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत द्वारा थाना सिविल लाइन में नियुक्त विवेचकों का अर्दली रूम आयोजित किया गया। इस दौरान एसपी नगर ने थानों पर लम्बित विवेचनाओं, महिला संबंधी अपराधों, प्रार्थना पत्रों तथा वांछित और वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी विवेचकों को निर्देशित किया कि लम्बित विवेचनाओं का निष्पक्ष व समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाए, ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके और कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे। रूम के दौरान एसपी नगर ने विशेष रूप से यह भी कहा कि थाना क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों, अवैध शराब, जुआ और सट्टा गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाए। उन्होंने कहा कि इन अवैध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों पर कठोर कार्रवाई की जाए ताकि अपराधियों में कानून का भय बना रहे। साथ ही सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आम जनता के साथ शालीनतापूर्ण व्यवहार करने और जनसहयोग से अपराधों पर नियंत्रण पाने के लिए प्रेरित किया।महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एसपी नगर ने महिला संबंधी अपराधों की विवेचनाओं को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला उत्पीड़न या दुष्कर्म जैसी घटनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने थानों में नियमित पैट्रोलिंग को भी आवश्यक बताया ताकि असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण कायम रहे और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण बना रहे।इसके साथ ही एसपी नगर ने गैंगस्टर अधिनियम के तहत दर्ज अभियोगों में धारा 14(1) के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए अपराधियों की अवैध संपत्तियों को जब्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ केवल मुकदमा दर्ज करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी अवैध कमाई के स्रोतों को भी समाप्त करना जरूरी है ताकि वे दोबारा अपराध करने का साहस न जुटा सकें।हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की नियमित चेकिंग करने और फ्लाई सीट में सभी प्रविष्टियां पूर्ण कराने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पुलिस रिकॉर्ड में अद्यतनता बनाए रखना अनिवार्य है ताकि किसी भी अपराधी की गतिविधियों पर समय रहते नियंत्रण किया जा सके।अर्दली रूम के दौरान प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइन आशुतोष कुमार सिंह सहित थाना सिविल लाइन में तैनात सभी विवेचक मौजूद रहे। बैठक के अंत में एसपी नगर ने सभी पुलिसकर्मियों से ईमानदारी, तत्परता और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की, ताकि पुलिस की छवि आम जनता के बीच और अधिक मजबूत हो सके।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts