मुजफ्फरनगर जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) को लेकर लगातार सामने आ रही शिकायतों पर समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिला और उन्हें जिलावासियों द्वारा दिए जा रहे फीडबैक से अवगत कराया। सपा जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी एडवोकेट के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में सपा महानगर अध्यक्ष बॉबी त्यागी, सपा राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा और सपा प्रदेश सचिव चौधरी इलम सिंह गुर्जर सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। उन्होंने जिला प्रशासन को बताया कि बीएलओ द्वारा नियमों के विपरीत तरीके अपनाए जाने की जानकारी बड़ी संख्या में मतदाताओं द्वारा दी जा रही है, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया में भ्रम और असुविधा फैल रही है।
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को बताया कि अधिकतर बीएलओ घर-घर जाकर गणना फार्म उपलब्ध कराने के बजाय लोगों को किसी एक स्थान पर बुलाकर फॉर्म दिए जा रहे हैं, जो निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के खिलाफ है। इसके अलावा दो फॉर्म के स्थान पर केवल एक फॉर्म उपलब्ध कराए जाने की शिकायतें भी लगातार मिल रही हैं। साथ ही मतदाताओं द्वारा यह भी बताया गया कि जिन दस्तावेज़ों की अभी आवश्यकता नहीं है, उनकी मांग बीएलओ द्वारा की जा रही है, जिससे मतदाता भ्रमित और परेशान हो रहे हैं। सपा नेताओं ने कहा कि यह स्थिति मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाती है और मतदाताओं में अनावश्यक तनाव उत्पन्न करती है।
जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी ने मांग रखी कि निर्वाचन से संबंधित प्रशासनिक बैठकों की जानकारी एक दिन पूर्व सभी संबंधित पक्षों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि कोई भी दल या प्रतिनिधि प्रक्रिया से अनभिज्ञ न रहे। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि जिले में जागरूकता कैंप आयोजित किए जाएं, ताकि आम जनता को सही और स्पष्ट जानकारी मिल सके तथा दस्तावेज़ों और फॉर्म से जुड़े भ्रम दूर हों। उनका कहना था कि मतदाता सूची पुनरीक्षण एक अत्यंत संवेदनशील और लोकतंत्र को मजबूत करने वाला कार्य है, इसलिए प्रशासन की ज़िम्मेदारी है कि इसे पूरी पारदर्शिता और सरलता के साथ संचालित किया जाए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने सपा प्रतिनिधिमंडल की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए भरोसा दिलाया कि सभी एसडीएम को इन मामलों को प्राथमिकता देने और शिकायतों का तुरंत समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन निष्पक्ष और सटीक मतदाता सूची तैयार कराने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में सोमपाल सिंह कोरी, साजिद हसन, धर्मेंद सिंह नीटू, पवन बंसल, नदीम मलिक, अविनाश कपिल, बालेंद्र मौर्य, तरुण सौदे एडवोकेट, डॉ. इसरार अल्वी, इरफान मलिक, हुसैन राणा, तरुण शर्मा सहित अन्य सपा नेता भी मौजूद रहे। सपा नेताओं ने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता अभियान पर पैनी निगाह रखेगा और मतदाताओं को हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। यह कदम जिले में पारदर्शी और निष्पक्ष लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
















