मुजफ्फरनगर। पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने थाना सिविल लाइन पर नियुक्त विवेचकों का अर्दली रूम लेकर पुलिस कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने लंबित विवेचनाओं, महिला अपराधों, प्रार्थना पत्रों के निस्तारण और वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी की स्थिति पर विस्तार से जानकारी प्राप्त की। एसपी सिटी ने स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिए कि सभी विवेचनाएं समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण की जाएं, ताकि पीड़ितों को त्वरित न्याय मिल सके और पुलिस पर आम जनता का भरोसा बना रहे।
अर्दली रूम के दौरान एसपी सिटी ने महिला संबंधी अपराधों को अत्यंत संवेदनशील बताते हुए उनकी प्राथमिकता के आधार पर जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही प्रार्थना पत्रों का समय से निस्तारण कर उनकी नियमित समीक्षा करने पर भी जोर दिया, ताकि शिकायतकर्ताओं को बार-बार थाने के चक्कर न लगाने पड़ें।
एसपी सिटी ने थाना क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित पैट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब, जुआ और सट्टे जैसी गतिविधियों पर पूर्ण रोक लगाने के आदेश दिए। इसके अलावा शातिर अपराधियों और हिस्ट्रीशीटर्स का नियमित सत्यापन करने, उनकी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और फ्लाई शीट प्रविष्टियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
गंभीर अपराधों में संलिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए धारा 14(1) में संपत्ति जब्ती की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी विशेष जोर दिया गया। एसपी सिटी ने कहा कि अपराध से अर्जित संपत्ति जब्त होने से अपराधियों का मनोबल टूटेगा और अपराध पर अंकुश लगेगा।
अर्दली रूम के दौरान आम जनता से शालीन व्यवहार करने, उनकी समस्याएं धैर्यपूर्वक सुनने और पुलिस की सकारात्मक छवि बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइन आशुतोष कुमार सिंह सहित थाने के सभी विवेचक उपस्थित रहे।
























































