चलती ट्रेन से उठने लगा धुआं, अगले ही पल आग का गोला बनी पूरी बोगी.

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) रेल लाइन पर दौड़ रही कारों से लदी एक मालगाड़ी की बोगी में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बोगी धुएं और आग की लपटों से घिर गई. इस हादसे में बोगी में मौजूद कई नई कार जलकर पूरी तरह नष्ट हो गईं. अच्छी बात ये है कि इस हादसे में कोई भी जनहानि की सूचना नहीं है.घटना रुपसपुर क्षेत्र के पास की बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय मालगाड़ी ट्रैक से गुजर रही थी, तभी इंजन के ठीक पीछे लगी पहली बोगी से धुआं निकलता दिखाई दिया. देखते ही देखते धुआं आग की लपटों में बदल गया और आग ने पूरे वैगन को अपनी चपेट में ले लिया. चलती ट्रेन में आग लगने का दृश्य देखकर आसपास खेतों में काम कर रहे गांव वाले और राहगीर मौके की ओर दौड़ पड़े.

लोको पायलट की तत्परता से टला हादसा

कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. आग की ऊंची-ऊंची लपटें और आसमान में उठता काला धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था. स्थिति की गंभीरता को समझते हुए लोको पायलट ने तत्काल ट्रेन को रोका और सूझबूझ का परिचय देते हुए इंजन को आग लगी बोगी से अलग कर सुरक्षित दूरी पर ले गए. चालक की इस तत्परता से आग अन्य बोगियों तक नहीं पहुंच सकी और एक बड़ा रेल हादसा टल गया.

1 घंटे तक चला रेस्क्यू

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल, जीआरपी, स्थानीय पुलिस और रेलवे अधिकारियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं. सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करते हुए क्षेत्र को घेर लिया गया और लोगों को ट्रैक से दूर रखा गया. उधर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया. दमकल कर्मियों को आग पर नियंत्रण पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू और फायर फाइटिंग ऑपरेशन के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया.

10 नई कारें जलीं

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बोगी में मौजूद लगभग 10 नई कारें आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गईं. हालांकि, इस घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है. फिलहाल रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है. आग शॉर्ट सर्किट, तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण से लगी, इसका पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts