गाजियाबाद।पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत ट्रांस हिंडन में अब तक सिर्फ छह फीसदी घरों पर ही सोलर प्लांट लग पाया है. दिसंबर तक आठ हजार प्लांट लगाने हैं, लेकिन जून तक 572 घरों पर ही प्लांट लगाया जा सका है.
10 को वैश्विक ऊर्जा स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है. स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए इसे मनाया जाता है. इसी साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना शुरू की थी. इसके तहत दो से 10 किलोवाट तक के प्लांट पर 90 हजार से लेकर 1.08 लाख रुपये तक सब्सिडी का प्रावधान है. गाजियाबाद जोन तीन (ट्रांस हिंडन क्षेत्र) को साल आठ हजार घरों पर प्लांट लगाने का लक्ष्य मिला है. छह माह से भी कम समय बचा है. मुख्यालय से भी निगम के अधिकारियों को योजना में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं.
जोन-तीन के मुख्य अभियंता अजय ओझा ने बताया कि योजना के तहत उपभोक्ताओं के आवेदन किए जा रहे हैं. योजना के लिए उपभोक्ताओं को पार्षद के माध्यम से भी जागरूक किया जा रहा है.
एक ही मीटर से होगा हिसाब-किताब
सोलर प्लांट लगाने के बाद एक मीटर से सौर और विद्युत निगम की ऊर्जा का हिसाब-किताब होगा. मीटर में स्पष्ट होगा कि किस माह कितनी ऊर्जा का उत्पादन प्लांट से हुआ और उस घर में कितनी यूनिट खर्च हुईं. उत्पादन ज्यादा होने पर बिल शून्य होने के साथ अतिरिक्त यूनिट उपभोक्ता के खाते में जुड़ जाएंगी. कम उत्पादन व ज्यादा खर्च होने पर समायोजन हो जाएगा.















