लंदन के गैटविक एयरपोर्ट से रविवार को गुजरने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. इस परेशानी की वजह कुछ और नहीं बल्कि पानी था. रिपोर्ट के मुताबिक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में बिजली गुल हो गई, जिसकी वजह से पूरे एयरपोर्ट पर पानी की सप्लाई प्रभावित हुई. यहां तक कि एयरपोर्ट के टॉयलेट में भी पानी थाएयरपोर्ट के अधिकारियों के मुताबिक पानी की सप्लाई न होने की वजह से दोनों टर्मिनलों में टॉयलेट और रेस्टोरेंट और बार बंद करने पड़े. अधिकारियों ने कहा कि वो स्थानीय जल कंपनी के साथ मिलकर जल्द से जल्द सेवा बहाल करने के लिए काम कर रहे हैं.
बिजली गुल होने से बढ़ी परेशानी
जल आपूर्ति कंपनी ‘SES वाटर’ ने के अनुसार उसके ‘बाउ बीच वाटर ट्रीटमेंट वर्क्स’ में बिजली गुल हो गई थी. जिसकी वजह से पानी के दबाव में भारी कमी आई और केंट एंव ससेक्स काउंटियों के कुछ इलाकों के साथ ही एयरपोर्ट पर भी पानी की सप्लाई रुक गई. कंपनी ने कहा कि जल्द से जल्द सेवा शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है.
एयरपोर्ट प्रशासन ने क्या कहा
वहीं, एयरपोर्ट प्रशासन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हउए इस असुविधा के लिए यात्रियों से माफी मांगी है. पोस्ट में एयरपोर्ट प्रशासन ने कहा ‘पानी की सप्लाई में आ रही समस्या की वजह से अभी भी परेशानी हो रही है. फ़िलहाल दोनों ही टर्मिनल में पानी की सप्लाई नहीं हो रही है. हमारे कर्मचारी यात्रियों की मदद के लिए मौजूद हैं और ज़रूरत पड़ने पर सहायता दे रहे हैं.इसके आगे प्रशासन ने कहा कुछ रेस्टोरेंट पार्टनर ने बैठने की अतिरिक्त जगह उपलब्ध कराने के लिए अपने यहां जगह खोली है. इस असुविधा के लिए हम माफ़ी चाहते हैं और सप्लाई को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए @SESWater के साथ मिलकर काम कर रहे हैं. जैसे ही और जानकारी मिलेगी, हम आपको अपडेट देंगे’. इसके साथ प्रशासन ने ये भी कहा कि एयरपोर्ट पर यात्रियों और कर्मचारियों के लिए बोतलबंद पानी उपलब्ध कराया जा रहा है.
यात्रियों ने जताई नाराजगी
हालांकि यात्रियों ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि पानी बंद होने की उन्हें पहले से कोई जानकारी नहीं मिली थी. इसके साथ ही ये भी बताया कि एयरपोर्ट पर कोई भी पानी की बोतलें बांटते हुए कोई दिखा. एक यात्री पॉल ने कहा ‘जिन लोगों को शौचालय जाना है, उनके लिए यह ठीक नहीं है. मैं जल्द ही उड़ान भरने वाला हूं, इसलिए कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन कुछ घंटों में उड़ान भरने वाले यात्रियों के लिए यह परेशानी का सबब बनेगा’.
‘लोगों के पास बैठने की जगह नहीं’
वहीं पूर्व सांसद माइकल डुगर ने भी सोशल मीडिया पर इसको लेकर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि बार और रेस्तरां बंद होने के कारण लोगों के पास बैठने की जगह नहीं है, जिसकी वजह से यात्री फर्श पर बैठने को मजबूर हैं. उन्होंने एयरपोर्ट प्रशासन से अपील की कि वो यात्रियों के बैठने के लिए बंद पड़े रेस्टोरेंट और बार को खोल दें.























































