मुजफ्फरनगर। जिले में मतदाता सूचियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगरपालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप लगातार फील्ड में सक्रिय नजर आ रही हैं। उन्होंने विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर न केवल व्यवस्थाओं की समीक्षा की, बल्कि क्षेत्रवासियों को मतदाता सूची के शुद्धिकरण की महत्ता भी समझाई। निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित इस अभियान को सफल बनाने के लिए वे लगातार पार्टी संगठन, बीएलए और प्रशासन द्वारा नियुक्त बीएलओ के साथ तालमेल बनाकर कार्य कर रही हैं।
शनिवार को मीनाक्षी स्वरूप शाकुन्तलम् कॉलोनी स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल के बूथ और नुमाइश कैंप में चल रहे एसआईआर सत्यापन कार्य का निरीक्षण करने पहुंचीं। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं का सूक्ष्म अवलोकन करते हुए अधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से न छूटे और सभी फॉर्म समयबद्ध तरीके से एकत्रित कर प्रक्रिया को सुचारू रूप से आगे बढ़ाया जाए। निरीक्षण के दौरान अंजलि चौधरी, सभासद सतीश कुकरेजा तथा भाजपा नई मंडी मंडल के पदाधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।
इससे पूर्व मीनाक्षी स्वरूप ने वैदिक पुत्री पाठशाला और जैन कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित एसआईआर कैंपों का भी जायजा लिया। यहां भी उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि वे क्षेत्र में घर-घर पहुंचकर पात्र नागरिकों तक सूची संशोधन प्रक्रिया की जानकारी पहुंचाएँ, ताकि कोई भी योग्य मतदाता सूची से बाहर न रह जाए। निरीक्षण दौरों में व्यापारी नेता शलभ गुप्ता सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे जिन्होंने अभियान को सफल बनाने हेतु प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।
अभियान के दौरान नागरिकों को संबोधित करते हुए मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होना केवल एक पहचान भर नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकार का आधार है। हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने वोट के महत्व को समझे और मतदाता सूची शुद्धिकरण में सक्रिय योगदान दे। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का सही, स्वच्छ और अद्यतन होना मजबूत लोकतंत्र की नींव है, और इस कार्य को सफल बनाने में नागरिकों की जागरूकता सबसे आवश्यक तत्व है।
एसआईआर अभियान के प्रति पालिकाध्यक्ष की निरंतर सक्रियता से प्रशासनिक टीम और स्थानीय नागरिकों में नई ऊर्जा देखने को मिल रही है। नियमित निरीक्षण, संवाद और जागरूकता संदेशों के माध्यम से वे सुनिश्चित कर रही हैं कि शहर में मतदाता सूची पूरी तरह सटीक, पारदर्शी और अद्यतन हो। उनके प्रयासों से अभियान को गति मिली है और नागरिकों में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति सजगता बढ़ी है।















