श्रीराम कॉलेज प्रशासन ने मांगी माफी, 30 घंटे बाद मनीष चौधरी का धरना समाप्त

मुजफ्फरनगर में श्रीराम कॉलेज के वार्षिक उत्सव के दौरान हुए विवादास्पद सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर राष्ट्रीय सामाजिक संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी ने कॉलेज परिसर में बेमियादी धरना शुरू किया। इस कार्यक्रम में कथित रूप से अश्लील नृत्य प्रस्तुत किए गए और किन्नर समाज को अपमानित करने के आरोप लगे थे, जिससे समाज में रोष फैल गया।

धरने के दौरान मनीष चौधरी ने कॉलेज प्रबंधन और प्रशासन पर समाज को दूषित करने का आरोप लगाया और कहा कि जब तक सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस आंदोलन को विभिन्न संगठनों और युवा ब्राह्मण समाज का भी समर्थन मिला।

शुक्रवार को नई मंडी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दिनेश बघेल और ए टू जेड चौकी इंचार्ज कॉलेज परिसर पहुंचे और धरना समाप्त कराने के लिए वार्ता की। हालांकि, मनीष चौधरी ने कॉलेज प्रशासन द्वारा सार्वजनिक रूप से माफी मांगने तक धरना समाप्त करने से इनकार कर दिया।

बाद में, कॉलेज की प्राचार्य डॉक्टर प्रेरणा मित्तल और प्रबंधन की ओर से डॉ. पुरुषोत्तम धरना स्थल पर पहुंचे और वार्षिकोत्सव के दौरान हुए विवादित कार्यक्रम को लेकर खेद व्यक्त किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में समाज विरोधी कार्यक्रम नहीं होंगे और भारतीय संस्कृति तथा सभ्यता का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

कॉलेज प्रशासन के इस आश्वासन के बाद मनीष चौधरी ने धरना समाप्त करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि 30 घंटे के धरने के बाद कॉलेज प्रशासन ने गलती स्वीकार की और समाज की भावनाओं का सम्मान किया, जिसके कारण आंदोलन समाप्त किया गया। साथ ही, उन्होंने चेतावनी दी कि जनपद के किसी भी शिक्षण संस्थान में संस्कृति को दूषित करने वाले किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मनीष चौधरी ने आंदोलन में सहयोग देने वाले सभी लोगों, पुलिस और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता के कारण ही कॉलेज प्रशासन को सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त करना पड़ा। इस दौरान के पी चौधरी, पंडित बृजेश दुबे, गुरुदास सिंह सिद्धू, किरण पाल सिंह, राकेश शर्मा खेड़ी, जय देव पवार, प्रमोद खेड़ी, पुष्पेंद्र विश्नोई, शौकेंद्र प्रधान, भारत वीर प्रधान, शैलेंद्र मलिक और योगेंद्र कुमार समेत कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts