सहारनपुर। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा-2025 अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। डाक कांवड़ियों की भारी संख्या में हरिद्वार और हरियाणा से सहारनपुर जिले में लगातार आवाजाही हो रही है। इसमें अधिकतर दोपहिया वाहनों का प्रयोग हो रहा है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। इसको देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। यातायात डायवर्जन लागू किया गया है, जिसकी जानकारी जनपदवासियों को मीडिया व पंपलेट्स के माध्यम से दी जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर के नेतृत्व में जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर एंट्री प्वाइंट पर सीसीटीवी, ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। यातायात पुलिस द्वारा तेज गति से चलने वाले वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई जारी है। जिले में हर जगह ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों को नियमित रूप से ब्रीफ किया जा रहा है।
डीजे पर बैठे कांवड़ियों को उतारा गया,
गागलहेड़ी तिराहे पर पुलिस अधीक्षक (यातायात) और सहायक पुलिस अधीक्षक/सीओ सदर ने डीजे वाहनों पर बैठे कांवड़ श्रद्धालुओं को उतारकर उन्हें जागरूक किया और अपील की कि यात्रा के दौरान नियमों का पालन करें ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
ग्रामीण इलाकों और बॉर्डर पर भी कड़ी निगरानी
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) द्वारा मनंकेश्वर महादेव मंदिर मानकी से लेकर उत्तराखंड बॉर्डर, मंगलौर रोड देवबंद, महाराणा प्रताप चौक, संजय चौक नानौता, चुनहटी कट तक कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता से कार्य करने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने सरसावा तिराहा तक किया निरीक्षण
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अन्य अधिकारियों के साथ थाना जनकपुरी क्षेत्र के अम्बेडकर चौक से कुतुबशेर होते हुए सरसावा तिराहा तक कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान सभी शिविरों और पुलिस कर्मियों को ब्रीफ किया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुगम रूप से सम्पन्न हो सके।पुलिस प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों, श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, नियंत्रित गति से वाहन चलाएं और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने में सहयोग करें।
















