शहीद सीओ की पत्नी के मकान पर कब्जे का आरोप, न्याय न मिलने पर आत्मदाह की चेतावनी

बांदा जनपद के नगर कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ए ब्लॉक आवास विकास कॉलोनी में संपत्ति विवाद का मामला सामने आया है। बीते माह विकरू कांड में शहीद सीओ देवेंद्र मिश्रा की पत्नी आशा मिश्रा एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बांदा आई थीं। जब वह अपने आवास पर पहुंचीं, तो घर के बाहर ताला लगा हुआ मिला। परेशान होकर उन्होंने पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल से मुलाकात की और तहरीर दी कि उनके देवरों ने उनके हिस्से के मकान पर कब्जा कर लिया है और घर में रखा सारा सामान चुरा लिया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने नगर कोतवाली में चोरी का मुकदमा दर्ज कराया, लेकिन अब तक न तो चोरी हुए सामान की बरामदगी हुई और न ही आरोपी पकड़े गए। पुलिस जांच में पता चला कि मकान को लेकर संपत्ति विवाद चल रहा है। इस मकान के तीन दावेदार हैं—पहली दावेदार आशा मिश्रा और उनके दो देवर। आशा मिश्रा ने इस मामले में न्यायालय में रिट दायर की थी, जिस पर स्टे लगा हुआ है। इसके बावजूद उनके देवरों ने मकान के ऊपरी हिस्से में निर्माण कार्य करवा लिया, जो न्यायालय के आदेशों का उल्लंघन है, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।

आशा मिश्रा का कहना है कि इस मकान के केवल तीन दावेदार हैं, जबकि सात बहनों द्वारा दिया गया हलफनामा फर्जी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह अपने परिवार सहित उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास पर आत्मदाह करेंगी। पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दो टीमें गठित कर दी हैं। अब देखना यह होगा कि आशा मिश्रा को कब तक न्याय मिलता है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts