दक्षिणी लेबनान में बनेंगे सिक्योरिटी जोन, हिज्बुल्लाह को हटाया जाएगा.

इजराइल और लेबनान ने एक बार फिर सीजफायर लागू करने पर सहमति जताई है. इसके साथ ही दोनों देशों ने लेबनान के अंदर कुछ सिक्योरिटी जोन बनाने का फैसला किया है. इन इलाकों में हिज्बुल्लाह के लड़ाकों को रहने या गतिविधियां चलाने की अनुमति नहीं होगी. यह समझौता अमेरिका की मध्यस्थता में हुई चौथे दौर की बातचीत के बाद हुआ.बातचीत के बाद जारी संयुक्त बयान में कहा गया कि सीजफायर तभी जारी रहेगा जब हिज्बुल्लाह पूरी तरह से हमले बंद करेगा और लितानी नदी के दक्षिणी इलाके से अपने सभी लड़ाकों को हटा लेगा. अभी यह साफ नहीं है कि इन सुरक्षा क्षेत्रों को किस तरह बनाया जाएगा. हालांकि समझौते में कहा गया है कि इन इलाकों का पूरा नियंत्रण लेबनानी सेना के हाथ में होगा. सेना वहां सुरक्षा व्यवस्था संभालेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि हिज्बुल्लाह की मौजूदगी न हो.

इजराइल-लेबनान का ईरान को संदेश

संयुक्त बयान में कहा गया कि ये कदम भविष्य में इजराइल और लेबनान के बीच स्थायी शांति और सुरक्षा समझौते की दिशा में मदद कर सकते हैं. दोनों देशों ने यह भी कहा कि लेबनान का भविष्य सिर्फ उसकी अपनी सरकार और इजराइल की सरकार तय करेंगी. किसी बाहरी देश या संगठन को इसमें दखल नहीं देना चाहिए.यह बयान अप्रत्यक्ष रूप से ईरान की ओर इशारा माना जा रहा है, क्योंकि ईरान हिज्बुल्लाह का प्रमुख समर्थक है. ईरान पहले कह चुका है कि लेबनान पर इजराइली हमले बंद होने चाहिए. हालांकि इस बातचीत में हिज्बुल्लाह शामिल नहीं था.

सीजफायर के बावजूद हमले जारी

सीजफायर पर सहमति बनने के बावजूद हमले पूरी तरह नहीं रुकी है. बुधवार को इजराइल के ड्रोन हमलों में दक्षिणी लेबनान में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई. लेबनान के सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, बेरूत के दक्षिण में एक कार को भी निशाना बनाया गया.दूसरी तरफ इजराइल ने दावा किया कि उसने हिज्बुल्लाह की ओर से भेजे गए एक संदिग्ध हवाई लक्ष्य को रास्ते में ही रोक दिया. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने चेतावनी दी है कि अगर इजराइल बेरूत पर हमला करता है तो ईरान उसका कड़ा जवाब देगा.

ट्रंप ने नेतन्याहू से लड़ाई रोकने को कहा था

इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि उन्होंने लड़ाई के दौरान इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को फोन कर लेबनान में युद्ध रोकने की अपील की थी. वहीं नेतन्याहू ने कहा कि कुछ मुद्दों पर उनके और ट्रंप के बीच मतभेद हो सकते हैं, लेकिन ईरान को लेकर दोनों की सोच एक जैसी है.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts