मंडावर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा अभ्यास, खोजी श्वानों ने बाजार में दिखाया दम

अलवर जिले के मंडावर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से श्वान प्रशिक्षण एवं प्रजनन केन्द्र डेरा-रैणी की तीस सदस्यीय प्रशिक्षित टीम ने पहुंचकर व्यापक अभ्यास किया। यह टीम अपने साथ विस्फोटक पदार्थ, मादक पदार्थों और अपराध से जुड़े सुरागों की पहचान में दक्ष खोजी श्वानों को लेकर मंडावर पहुंची। अभ्यास के तहत कस्बे के मुख्य बाजार और पुलिस थाना परिसर को चुना गया, जहां वास्तविक परिस्थितियों के बीच श्वानों की क्षमता का परीक्षण किया गया।

टीम का नेतृत्व कमांडेंट डॉ. देवाशीष त्रिपाठी और ट्रेनिंग ऑफिसर डॉ. ललित देवड़ी के निर्देशन में किया गया। इस दौरान करीब बीस प्रशिक्षु श्वानों को अभ्यास में शामिल किया गया, जिन्हें अलग-अलग परिस्थितियों में काम करने के लिए तैयार किया जा रहा है। अभ्यास के दौरान बाजार में सामान्य आवाजाही, भीड़भाड़, वाहनों की आवाज़, दुकानों की हलचल और रोजमर्रा की गतिविधियों के बीच श्वानों को छोड़ा गया, ताकि वे बिना विचलित हुए अपने कार्य को अंजाम दे सकें।

टीम के ट्रेनिंग कांस्टेबल श्रीधर एस.एम. ने बताया कि जर्मन शेफर्ड और बेल्जियम मैलिनुआ प्रजाति के श्वानों को विशेष रूप से विस्फोटक सामग्री, मादक पदार्थों और अपराध से जुड़े सूक्ष्म संकेतों की पहचान के लिए प्रशिक्षित किया जाता है। इन श्वानों की सूंघने की क्षमता बेहद संवेदनशील होती है, लेकिन उन्हें प्रभावी बनाने के लिए वास्तविक माहौल में नियमित अभ्यास जरूरी होता है। इसी कारण ग्रामीण और शहरी वातावरण के मिश्रण वाले बाजारों को अभ्यास के लिए चुना गया।

अभ्यास के दौरान श्वानों की प्रतिक्रिया समय, सतर्कता, आदेशों के पालन और संदिग्ध वस्तुओं की पहचान की क्षमता को परखा गया। टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छिपाई गई वस्तुओं के माध्यम से श्वानों की दक्षता का परीक्षण किया, जिसमें श्वानों ने काफी सटीकता के साथ संकेत दिए। यह अभ्यास न केवल श्वानों की ट्रेनिंग का हिस्सा रहा, बल्कि स्थानीय पुलिस और प्रशासन के लिए भी एक महत्वपूर्ण सुरक्षा अभ्यास साबित हुआ।

अधिकारियों के अनुसार इस तरह के अभ्यास से सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकता है। इससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की क्षमता बढ़ती है और आमजन में भी सुरक्षा को लेकर जागरूकता पैदा होती है। मंडावर में किया गया यह अभ्यास भविष्य में रेलवे स्टेशन, बाजार और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा प्रबंधन को बेहतर बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts