मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह के द्वितीय दिवस के अवसर पर जीनस पेपर एंड बोर्ड्स लिमिटेड, मुजफ्फरनगर में सुरक्षा और संरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों में कार्यस्थल पर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और दुर्घटनाओं की संभावनाओं को शून्य करने के लिए आवश्यक सावधानियों को अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम का संचालन महाप्रबंधक मानव संसाधन एवं प्रशासन रविंद्र कुमार शर्मा द्वारा किया गया। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी कर्मचारियों को सुरक्षा बैज लगाकर सम्मानित किया तथा उन्हें सुरक्षा शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किसी भी औद्योगिक इकाई में सुरक्षित कार्य वातावरण बनाए रखना प्रत्येक कर्मचारी की जिम्मेदारी है और छोटी-छोटी सावधानियां भी बड़े हादसों को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा उपकरणों की एक विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न प्रकार के सुरक्षा उपकरणों को प्रदर्शित किया गया। सुरक्षा विशेषज्ञों द्वारा कर्मचारियों को इन उपकरणों के सही उपयोग, उनकी आवश्यकता और कार्यस्थल पर अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कर्मचारियों को बताया गया कि हेलमेट, सेफ्टी शूज, ग्लव्स, सेफ्टी बेल्ट, मास्क तथा अन्य सुरक्षा उपकरणों का नियमित और सही तरीके से उपयोग करने से औद्योगिक दुर्घटनाओं के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। कर्मचारियों ने भी इस प्रदर्शनी में रुचि लेते हुए सुरक्षा उपकरणों के उपयोग से संबंधित कई प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से समाधान किया गया।
इस अवसर पर इकाई प्रमुख चंद्रेश गुप्ता ने सभी कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी संस्थान की सफलता में कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोपरि होती है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे कार्य करते समय सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करें और सुरक्षा के प्रति हमेशा सजग रहें। उन्होंने जीरो एक्सीडेंट नीति पर विशेष जोर देते हुए कहा कि यदि सभी कर्मचारी मिलकर जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ काम करें तो कार्यस्थल को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में सभी कर्मचारियों को सुरक्षा के मूल्यों को अपनाने और उन्हें अपने दैनिक कार्य व्यवहार का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान कमर्शियल हेड जी सी कोठारी सहित जीनस परिवार के सभी सदस्य मौजूद रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।















