मुज़फ्फरनगर के उप जिलाधिकारी मोनालिसा जौहरी ने तहसील खतौली के सभागार में बी.एल.ओ. (बूथ लेवल अधिकारी) और सुपरवाइजर के साथ एक बैठक की। यह बैठक भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार और जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के दिशा-निर्देशों में आयोजित की गई। बैठक में 01.01.2025 की अर्हता तिथि के आधार पर होने वाले विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम पर चर्चा की गई।
एसडीएम ने सभी बी.एल.ओ. को निर्देश दिया कि वे सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक अपने मतदान केंद्र पर उपस्थित रहें और मतदाता सूची, आवश्यक प्रपत्र/फार्म लेकर जनसमूह से संपर्क करें। विशेष रूप से दिव्यांग, 18-19 आयु वर्ग के युवा और महिला मतदाताओं के नाम सूची में सम्मिलित करने के लिए प्रयास किए जाएंगे। एसडीएम ने यह भी बताया कि यदि कोई नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में नहीं पाता है, तो वह फार्म 6 भरकर अपना नाम दर्ज करा सकता है।इसके साथ ही, एसडीएम ने कहा कि जो बी.एल.ओ. कार्य में लापरवाही बरतेंगे, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। सभी कर्मचारियों को समय पर कार्य संपन्न करने के निर्देश दिए गए हैं।
















