एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने किया थाना रतनपुरी का औचक निरीक्षण, पुलिस व्यवस्था में सुधार के दिए निर्देश

मुजफ्फरनगर में जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के दृष्टिगत जिलाधिकारी के दिशा निर्देशन में उप जिला मजिस्ट्रेट खतौली मोनालिसा जौहरी ने थाना रतनपुरी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर का गहन निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था की समीक्षा की और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कार्यालय, हवालात, भोजनालय, बैरक, शस्त्रागार, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क और अभिलेख कक्ष का बारीकी से निरीक्षण किया गया। अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर समेत अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच कर उन्हें अद्यतन और सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।

अपराधियों की सूची की समीक्षा कर वांछित एवं इनामी अपराधियों और गैर-जमानती वारंटियों की गिरफ्तारी तेज करने के सख्त निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी को स्पष्ट किया गया कि अपराध नियंत्रण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। बीट पुलिसिंग व्यवस्था की समीक्षा करते हुए बीट पुलिसकर्मियों को अधिक सतर्क और सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए। बीट स्तर पर अपराध नियंत्रण और खुफिया जानकारी जुटाने को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया गया और यह भी स्पष्ट किया गया कि लापरवाही या सुस्ती पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।

समुदाय की भागीदारी से पुलिस को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस मित्रों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया गया। थाना प्रभारी को निर्देश दिए गए कि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जाए, जिससे जनता और पुलिस के बीच समन्वय बढ़े और अपराधों की रोकथाम में अधिक सफलता मिले। महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान देते हुए महिला संबंधी अपराधों और शिकायतों की समीक्षा की गई और निर्देश दिए गए कि हर महिला शिकायतकर्ता की बात पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनी जाए तथा निष्पक्ष, त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए महत्वपूर्ण स्थानों, तिराहों, चौराहों व सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए गए। साथ ही थाने में आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर निष्पक्ष निस्तारण किया जाए। निरीक्षण के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना, थाना प्रभारी रतनपुरी और अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts