अलवर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के रामानंद नगर, वार्ड नंबर 28 में देर रात चार्जिंग के दौरान एक स्कूटी में आग लग गई। बताया जा रहा है कि स्कूटी में शॉर्ट सर्किट होने से यह हादसा हुआ। धुएं और जलने की गंध से घर के परिजन जागे और बाहर निकलकर देखा तो आग विकराल रूप ले चुकी थी।
पीड़ित दीपक यादव ने बताया कि उन्होंने अपनी स्कूटी को चार्जिंग पर लगाया था, जिसके कुछ देर बाद अचानक उसमें आग लग गई। परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए पास में खड़ी बाइक, साइकिल और दूसरी स्कूटी को हटाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग ने उन्हें भी अपनी चपेट में ले लिया।
इस आगजनी की घटना में एक बुलेट मोटरसाइकिल, टीवीएस स्कूटी और एक साइकिल पूरी तरह जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि समय रहते सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए और किसी को शारीरिक नुकसान नहीं हुआ।















