मुजफ्फरनगर। शहरी क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी, तेज और संसाधन-संपन्न बनाने की दिशा में नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने एक अहम कदम उठाया है। 15वें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि के अंतर्गत 2 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से खरीदी गई पांच नई जेसीबी मशीनों को सोमवार को जनहित में समर्पित कर दिया गया। इन आधुनिक मशीनों के संचालन से शहर में सफाई व्यवस्था, नालों की खुदाई, कूड़ा निष्पादन और आपातकालीन स्थितियों में मलबा हटाने जैसे कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।मेरठ रोड स्थित कमला नेहरू वाटिका में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पालिका अध्यक्ष ने इन जेसीबी मशीनों का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में पालिका के सभासदों और अधिशासी अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह ने उनका स्वागत किया। उद्घाटन के बाद अध्यक्ष ने वाटिका परिसर का पैदल निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्यों, सफाई व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया तथा वहां मौजूद लोगों से संवाद भी किया।पालिका अध्यक्ष ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता में शामिल है और इसी उद्देश्य से लगातार संसाधनों को बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आधुनिक मशीनों के उपयोग से सफाई कार्यों में पारदर्शिता आएगी और काम की गति भी बढ़ेगी। उनका लक्ष्य मुजफ्फरनगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित नगर के रूप में विकसित करना है। उन्होंने यह भी कहा कि शहर की बढ़ती आबादी और विस्तारित सीमा को देखते हुए आधुनिक संसाधनों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।उद्घाटन के बाद सभी पांच जेसीबी मशीनों को स्वास्थ्य विभाग को सुपुर्द कर दिया गया, ताकि नालों की नियमित सफाई, अतिक्रमण हटाने, कूड़ा निस्तारण स्थल पर अपशिष्ट प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक कार्य तेजी से किए जा सकें। इन मशीनों से श्रम और समय दोनों की बचत होगी, जिससे नागरिकों को बेहतर स्वच्छता सुविधाएं मिलेंगी।ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने बताया कि पालिका के पास पहले से सात जेसीबी और छह बुल लोडर ट्रैक्टर कार्यरत हैं। अब पांच नई मशीनों के जुड़ने से सफाई व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा पालिका की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिलेगी। कार्यक्रम में सभासदों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों की उपस्थिति रही।















