टीबी रोगियों के लिए साक्षी वेलफेयर ट्रस्ट का सेवा अभियान जारी, पोषण पोटली वितरित

मुजफ्फरनगर। साक्षी वेलफेयर ट्रस्ट ने अपने नियमित सेवा कार्यों की कड़ी में इस माह भी टीबी रोगियों को पोषण आहार की पोटली वितरित की। यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर डॉ. तेवतिया ने संस्था के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए ट्रस्ट की राष्ट्रीय अध्यक्ष क्रांतिकारी शालू सैनी का धन्यवाद व्यक्त किया।

ट्रस्ट की अध्यक्ष शालू सैनी ने बताया कि साक्षी वेलफेयर ट्रस्ट “टीबी मुक्त भारत अभियान” में पूरी निष्ठा से सरकार व मुख्य चिकित्सा विभाग के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग कर रहा है। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट न केवल पोषण पोटली वितरित कर रहा है, बल्कि रोगियों का मनोबल बढ़ाने व सामाजिक सहयोग को भी प्रेरित कर रहा है।

कार्यक्रम में अध्यक्ष शालू सैनी एवं महासचिव राजू सैनी ने चिकित्साधिकारियों व टीबी विभाग के अधिकारियों को पीतांबर वस्त्र पहनाकर और पर्यावरण संवर्धन के उद्देश्य से पौधे का गमला भेंट कर सम्मानित किया। इस आयोजन के प्रायोजक ने बताया कि सरकार बीते पांच-छह वर्षों से टीबी उन्मूलन को लेकर विशेष अभियान चला रही है, जिसमें मुजफ्फरनगर अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

कार्यक्रम में ट्रस्ट की ओर से राजू सैनी, मंगलेश प्रजापति, रविंद्र शर्मा, एडवोकेट काजल, सुधा, सुमित सैनी और साक्षी सैनी ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने जानकारी दी कि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के निर्देश पर जिले में टीबी रोगियों के लिए पोषण पोटली वितरण अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही, उन्होंने यह भी बताया कि नवंबर 2024 से सरकार ने टीबी रोगियों को इलाज के दौरान 1000 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजना शुरू किया है।

अंत में शालू सैनी ने आम नागरिकों से अपील की कि टीबी रोगियों को छुआछूत की नजर से न देखें, उन्हें अपनाएं और सामर्थ्य अनुसार उनकी सेवा में हाथ बढ़ाएं। उन्होंने आग्रह किया कि लोग टीबी रोगियों को गोद लेकर उन्हें पोषण पोटली वितरित करें और उनका इलाज अधूरा न छोड़ने के लिए प्रोत्साहित करें।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts