मुजफ्फरनगर। में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मीरापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर आरोपी घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी जानसठ ऋषिका सिंह एवं थाना प्रभारी मीरापुर राजीव शर्मा के नेतृत्व में थाना मीरापुर पुलिस क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी क्रम में भुम्मा पुलिस चौकी के पास नहर पुल पर पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। तभी एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति वहां आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का संकेत दिया, लेकिन उसने रुकने के बजाय मोटरसाइकिल वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया।भागने की जल्दबाजी में उसकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद आरोपी मोटरसाइकिल को मौके पर छोड़कर जंगल की ओर भागने लगा। पुलिस के अनुसार भागते समय उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की। बदमाश द्वारा चलाई गई गोली से पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने आरोपी को फायरिंग बंद कर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने पुलिस की बात नहीं मानी और लगातार भागने का प्रयास करता रहा।
स्थिति को देखते हुए पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग के दौरान आरोपी सादिक पुत्र भुड्डू गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस .315 बोर बरामद किया गया। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली गई।घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में थाना मीरापुर पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।























































