दक्षिणी तुर्किये के अंताल्या हवाई अड्डे पर उतरने के बाद रूसी विमान के इंजन में आग लग गई। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि अजीमुथ एयरलाइंस की तरफ से संचालित सुखोई सुपरजेट 100 प्रकार के विमान ने रविवार को सोची से उड़ान भरी थी और इसमें 89 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे।वीडियों में यात्रियों को इमरजेंसी गेट से विमान से बाहर निकलते देखा जा सकता है जिनमें से कुछ अपने सामान के साथ विमान से बाहर निकलते नजर आ रहे हैं। हालांकि अभी तक किसी के घायल होने की कोई खबर सामने नहीं आई है। अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, रात 21:34 बजे अंताल्या हवाई अड्डे पर उतरने के बाद, आग लगने के कारण विमान के पायलटों की तरफ से एक आपातकालीन कॉल की गई। फिलहाल आग लगने के कारण का तत्काल पता नहीं चल सका है।विमानन समाचार वेबसाइट ‘एयरपोर्ट हैबर’ की ओर से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है, विमान के बाईं ओर से आग की लपटें निकलती दिख रही हैं। आपातकालीन दल के कर्मचारी आग को बुझा रहे हैं।सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को देख लोगों ने भी अपनी प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी है। एक यूजर ने लिखा, यात्री आपातकालीन स्लाइड से नीचे फिसलते समय अपना हाथ का सामान लेकर अपनी जान जोखिम में डाल रहे थे।
दूसरे यूजर ने कहा, बाहर निकलते समय आपको अपना बैग पीछे छोड़ देना चाहिए हे भगवान। जब मैंने यात्रियों को अपने बैग समेटते हुए देखा, तब मैंने विमान में चल रही हलचल के बारे में नहीं सोचा। तीसरे यूजर ने कहा, “जो कोई भी आपातकालीन एक्जिट में अपना सामान अपने साथ ले जाता है, उसे जीवन भर के लिए विमान में उड़ान भरने से बैन कर दिया जाना चाहिए।















