मुजफ्फरनगर। सामाजिक सरोकारों और जनसेवा की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए रोटरी क्लब के सदस्यों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 60 बड़े छातों का वितरण कर जरूरतमंद मेहनतकश लोगों को राहत प्रदान की। कार्यक्रम का उद्देश्य उन लोगों की सहायता करना था, जो भीषण गर्मी, तेज धूप, लू, बारिश और अन्य प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के बावजूद रोजाना अपने कार्यों के माध्यम से समाज की सेवा करते हैं। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर 2025-26 रोटेरियन सीए नितिन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ गांधी कॉलोनी क्षेत्र से किया गया, जिसके बाद रोटरी क्लब के सदस्य भोपा रोड, नई मंडी और पीठ बाजार सहित कई इलाकों में पहुंचे और सब्जी विक्रेताओं, फल विक्रेताओं, जूस विक्रेताओं, शिकंजी विक्रेताओं, पानी बेचने वालों तथा अन्य रेहड़ी-पटरी कारोबारियों को छाते वितरित किए। छाते पाकर लाभार्थियों ने खुशी व्यक्त करते हुए क्लब का आभार जताया।
मुख्य अतिथि नितिन अग्रवाल ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों की सहायता करना रोटरी का प्रमुख उद्देश्य है और ऐसे कार्यों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह के जनहितकारी कार्यक्रमों को और अधिक व्यापक स्तर पर संचालित करने के लिए क्लब के सदस्यों को प्रेरित किया। डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट चेयरमैन रोटेरियन सुनील अग्रवाल ने इस पहल को अत्यंत उपयोगी और समाजोपयोगी बताते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में काम करने वाले लोगों को छोटी-छोटी सुविधाएं भी बड़ा सहारा प्रदान करती हैं। क्लब अध्यक्ष सुशोभ बिंदल ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया और कहा कि समाज सेवा के ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। कार्यक्रम की सफलता में अमित पटपटिया, भुवनेश गुप्ता, नरेश शर्मा, सौरभ मित्तल, सचिन सिंघल, नीरज जैन, पंकज जैन, अमित सिंघल, प्रशांत, राजकुमार गोयल, अमित वर्मा, विनय सिंघल, डॉ. कमल गुप्ता, अरविंद गुप्ता, शैलेंद्र शर्मा, राजन सिंघल, राकेश राठी, अरविंद गर्ग, परमिंदर कुमार, रोहित सिंघल, अंकित मित्तल, विपुल भटनागर, उमेश गोयल, निशांक जैन और कोषाध्यक्ष दीपक सिंघल सहित अनेक सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में क्लब सचिव गौरव गोयल ने सभी अतिथियों और रोटेरियन साथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के बाद सभी सदस्यों ने जलपान किया और इस सफल सेवा अभियान को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
















