हाल ही में भारत के पांच नाविक ब्लैक सी से गुजर रहे शिप पर हुए हमले में मारे गए। भारत सरकार ने इसे लेकर रूस से अपना विरोध भी दर्ज कराया लेकिन खतरा बरकरार है। इसे ध्यान में रख भारत सरकार ने ब्लैक सी (काला सागर) और उससे जुड़े समुद्री क्षेत्रों में संचालित वाणिज्यिक जहाजों पर काम करने वाले या वहां नौकरी करने की योजना बना रहे भारतीय नागरिकों के लिए रविवार को एक सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है।सरकार ने कहा है कि रूस-यूक्रेन संघर्ष के चलते इस क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति बेहद अस्थिर बनी हुई है। साथ ही यहां से गुजरने वाले व्यापारिक जहाज लगातार मिसाइल और ड्रोन हमलों के खतरे का सामना कर रहे हैं।
हमलों में 5 भारतीय नाविकों की मौत
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एडवाइजरी के अनुसार, अप्रैल 2026 से इस क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर हमलों की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। इन हमलों में अब तक पांच भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है। इसे देखते हुए सरकार ने भारतीय नाविकों और समुद्री क्षेत्र में काम करने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।सरकार ने कहा है कि जो भारतीय नागरिक ब्लैक सी क्षेत्र में संचालित या वहां से गुजरने वाले जहाजों पर नौकरी करने की सोच रहे हैं, वे नियुक्ति स्वीकार करने से पहले सुरक्षा स्थिति का गंभीरता से आकलन करें। यदि वे ऐसे जहाजों पर काम करने का फैसला करते हैं तो उन्हें सभी आवश्यक सुरक्षा उपायों का पालन करना चाहिए।
नौकरी को लेकर विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?
विदेश मंत्रालय ने सलाह दी है कि नौकरी स्वीकार करने से पहले नियोक्ता, भर्ती एजेंसी और जहाज संचालक से जहाज के प्रस्तावित मार्ग, जिन बंदरगाहों पर जहाज जाएगा, सुरक्षा व्यवस्था, बीमा कवरेज और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली की पूरी जानकारी प्राप्त करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि रोजगार अनुबंध अंतरराष्ट्रीय समुद्री मानकों के अनुरूप हो और उसमें चिकित्सा सुविधा, आपातकालीन निकासी, स्वदेश वापसी तथा दुर्घटना की स्थिति में मुआवजे जैसी पर्याप्त व्यवस्थाएं शामिल हों।
गाइडलाइंस को पालन करने की सलाह
सरकार ने भारतीय नागरिकों से अपने परिवार को यात्रा और कार्यस्थल की पूरी जानकारी देने तथा नियमित संपर्क बनाए रखने की भी सलाह दी है। इसके अलावा, समुद्री प्रशासन महानिदेशालय (डीजीएमए), भारत सरकार और अन्य संबंधित सरकारी एजेंसियों द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। विशेष रूप से 23 जुलाई 2026 को बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय के तहत डीजीएमए की ओर से जारी सुरक्षा एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।
दूतावास से संपर्क कर सकते हैं भारतीय नागरिक
विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में भारतीय नागरिक संबंधित भारतीय दूतावास या वाणिज्य दूतावास से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए रूस स्थित भारतीय दूतावास का इमरजेंसी नंबर +7 9652773414 और यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास का आपातकालीन नंबर +38 0933559958 जारी किया गया है।
सरकार ने दोहराया है कि मौजूदा हालात को देखते हुए ब्लैक सी क्षेत्र में काम करने वाले भारतीय नागरिकों को हर कदम सोच-समझकर उठाना चाहिए और सुरक्षा संबंधी सभी आधिकारिक निर्देशों का सख्ती से पालन करना चाहिए।























































