मुजफ्फरनगर में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत विकास भवन सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने की। इस बैठक में जनपद की सभी छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने प्रतिभाग किया और प्रगाढ़ पुनरीक्षण से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि जनपद में वर्तमान में कुल 21,12,586 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें से 17,67,307 मतदाताओं के गणना फार्म डिजिटाइज किए जा चुके हैं। इस प्रक्रिया के दौरान 5,724 मृतक मतदाता और 27,532 डुप्लीकेट मतदाता चिन्हित किए गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि ईएफ डिजिटाइज्ड नोट वेरिफाइड बाय बीएलओ को समाप्त किया जाए, मैपिंग की स्थिति में सुधार लाया जाए और फार्म-6 भरवाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि एक ही परिवार के सभी सदस्य एक ही मतदेय स्थल पर पंजीकृत हों।
उन्होंने बूथ के भीतर सेक्शन निर्धारण में विशेष सतर्कता बरतने, बीएलओ एवं बीएलए की बैठकों का कार्यवृत्त समय से अपलोड कराने और मृतक, अनुपस्थित, शिफ्टेड व डुप्लीकेट मतदाताओं की अद्यतन सूची अपलोड करने के निर्देश दिए। जन्म एवं मृत्यु के अभिलेखों से भी जांच करने पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ से संवाद किया गया, जिसमें फार्म-6, एएसडीडी, मैपिंग और डिस्क्रिपेंसी से जुड़े प्रश्न पूछे गए। बीएलओ द्वारा दिए गए उत्तरों से मुख्य निर्वाचन अधिकारी संतुष्ट नजर आए। उत्कृष्ट कार्य करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों को 25 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने 14-मुजफ्फरनगर विधानसभा क्षेत्र के होली एंजिल्स कॉन्वेंट स्कूल स्थित बूथों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों की व्यवस्थित व्यवस्था, मृतक मतदाताओं के नाम विलोपन की प्रक्रिया और मतदाता सत्यापन कार्यों की सराहना की गई। निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों, पर्यवेक्षकों, बीएलओ, बीएलए और जनप्रतिनिधियों से बातचीत के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी पूरी तरह संतुष्ट नजर आए।
















