मुजफ्फरनगर में सहारनपुर मंडल के आयुक्त एवं जनपद के नोडल अधिकारी डॉ. रूपेश कुमार की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जनपद के विकास कार्यक्रमों, निर्माण कार्यों तथा सीएम डैशबोर्ड की प्रगति को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, योजनाओं की प्रगति और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी अधिकारी प्रतिदिन सुबह 10 से 12 बजे तक अपने-अपने कार्यालयों में बैठकर आमजन की समस्याएं सुनें और उनका समयबद्ध व पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि यदि किसी व्यक्ति की समस्या का समाधान संभव नहीं है तो उसे स्पष्ट रूप से बता दिया जाए, ताकि वह बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाए। जहां समाधान संभव हो, वहां त्वरित कार्रवाई कर संबंधित व्यक्ति को संतुष्ट किया जाए। मंडलायुक्त ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल औपचारिकता निभाना नहीं, बल्कि जनता को वास्तविक राहत देना होना चाहिए।बैठक में सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग की समीक्षा करते हुए डी और ई श्रेणी में आने वाले विभागों पर विशेष ध्यान दिया गया। लोक शिकायत प्रणाली (आईजीआरएस), समाज कल्याण विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, लोक निर्माण विभाग, एनआरएलएम सहित अन्य विभागों को अपनी रैंकिंग में सुधार लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त ने कहा कि रैंकिंग केवल आंकड़ों का खेल नहीं, बल्कि यह विभागों की कार्यक्षमता और जनसंतुष्टि को दर्शाती है।निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में शत-प्रतिशत गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। निर्माण कार्यों में प्रयुक्त सामग्री की नियमित जांच करने और कार्य की प्रगति की समय-समय पर समीक्षा करने पर भी जोर दिया गया। जो परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, उन्हें संबंधित विभागों को समय से हैंडओवर करने के निर्देश दिए गए।
फैमिली आईडी की प्रगति को लेकर जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी को ब्लॉक स्तर और नगर पंचायत स्तर पर अभियान चलाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने की सख्त हिदायत दी गई। उप कृषि निदेशक को फार्मर रजिस्ट्री में प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।शिक्षा विभाग की समीक्षा में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि प्राथमिक विद्यालयों में स्मार्ट क्लास के अंतर्गत सभी कंप्यूटर और स्मार्ट टीवी सुचारू रूप से संचालित रहें। छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने और मध्यान्ह भोजन को मीनुसार वितरित करने पर जोर दिया गया। साथ ही विद्यालयों के नियमित निरीक्षण के निर्देश भी दिए गए।
लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए कि जहां सड़कों का चौड़ीकरण किया गया है, वहां बीच में लगे बिजली या अन्य पोल को साइड में शिफ्ट कराया जाए। रामपुर तिराहा से सहारनपुर रोड पर गड्ढों को तत्काल ठीक कराने और जनपद की अन्य सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए गए। नगर पालिका को शहर में जाम की समस्या से निपटने के लिए अतिक्रमण हटाने और डोर-टू-डोर कूड़ा निस्तारण व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को स्मार्ट मीटर लगाने के लिए कैंप आयोजित कर व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने मंडलायुक्त को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन कराया जाएगा। बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त दुष्यंत कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील कुमार तेवतिया, जिला विकास अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, उप कृषि निदेशक, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
















