मुजफ्फरनगर में ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर की समीक्षा बैठक,

मुजफ्फरनगर में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (ऊर्जा एवं वैकल्पिक ऊर्जा विभाग) डॉ. सोमेंद्र तोमर ने विकास भवन सभागार में एक अहम समीक्षा बैठक की। बैठक का उद्देश्य पूर्व में विभिन्न विभागों के साथ हुई वार्ताओं के बाद अब तक लाई गई प्रगति की समीक्षा करना था। इस दौरान लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका परिषद, परिवहन विभाग, स्वास्थ्य, कृषि, विद्युत, सिंचाई एवं जल संसाधन, वन विभाग, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, गन्ना विभाग, विकास प्राधिकरण सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों में हुए कार्यों की प्रगति से मंत्री जी को अवगत कराया।

लोक निर्माण विभाग ने बताया कि सड़क संरक्षण के कार्य ए-ग्रेड में हैं, जबकि नई सड़कों का निर्माण बी-ग्रेड में किया जा रहा है। नए कार्यों के प्रस्ताव माननीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से शासन को भेजे जा चुके हैं, जो वर्तमान में प्रगति पर हैं। इस पर मंत्री जी ने अधिशासी अभियंता को आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।

नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी ने जानकारी दी कि अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी है। ठंड को देखते हुए एक स्थायी और दो अस्थायी रैन बसेरे बनाए गए हैं, जिनमें सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। शहर के चिन्हित स्थानों पर अलाव की व्यवस्था भी की जा रही है। मंत्री जी ने निर्देश दिए कि रैन बसेरों में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रहें और कोई भी व्यक्ति रात में खुले में न सोए।

परिवहन विभाग को निर्देश दिए गए कि सड़क किनारे चार पहिया वाहन खड़े न होने दिए जाएं। बताया गया कि अब तक 29 वाहनों के चालान किए जा चुके हैं, जिसकी सूची उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि 108 व 102 एंबुलेंस सेवाएं ए-ग्रेड में संचालित हैं तथा जननी सुरक्षा योजना के तहत भुगतान नियमित रूप से किया जा रहा है। जिला अस्पताल, सीएससी और पीएचसी में डॉक्टरों द्वारा मरीजों को उपचार और दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं।

विद्युत विभाग ने बताया कि बिजली आपूर्ति नियमानुसार की जा रही है और खराब ट्रांसफार्मर समय पर बदले जा रहे हैं। मंत्री जी ने विद्युत आपूर्ति सुचारू रखने, ट्रांसफार्मर व तेल चोरी पर कड़ी निगरानी और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग को नहरों की टेल तक सफाई सुनिश्चित करने, विकास प्राधिकरण को टाउनशिप के लिए भूमि चिन्हित करने और गन्ना विभाग को गन्ना किसानों का शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मंत्री जी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा किया जाए। बैठक के अंत में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने मंत्री जी का आभार व्यक्त किया। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्मल, एमएलसी वंदना वर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा सहित अनेक अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts