मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, सिरोही में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता कलेक्टर अल्पा चौधरी ने की। बैठक में जिले की स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति, समस्याएं और समाधान पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि झोलाछाप चिकित्सकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए और इस दिशा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लाड़ो योजना के तहत सभी बालिकाओं की माताओं को समय पर लाभ मिले, इसके लिए गर्भावस्था में ही जरूरी दस्तावेज तैयार करवाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने 1 जून 2025 से शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने को कहा।
सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी ने आयुष्मान योजना के क्लेम समय पर भेजने और टीबी मुक्त पंचायत अभियान पर जोर दिया। बैठक में टीकाकरण, डिलीवरी, मौसमी बीमारियों और एम्बुलेंस की साप्ताहिक जांच पर भी चर्चा हुई। अंत में कलेक्टर ने सभी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने और जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया।















