रोहतक के गढ़ी माजरा गांव में एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। गांव में सीवरेज मैनहोल में गिरने से एक रिटायर्ड फौजी और उसके दो बेटों की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब छोटा बेटा अचानक मैनहोल में गिर गया। उसे बचाने के लिए पहले बड़ा भाई और फिर पिता भी मैनहोल में उतर गए, लेकिन जहरीली गैस के कारण तीनों की दम घुटने से मौत हो गई।
मरने वालों की पहचान रिटायर्ड फौजी रामकुमार (55), उनके बेटे पवन (25) और अमन (18) के रूप में हुई है। हादसे के तुरंत बाद गांव के लोगों ने रेस्क्यू कर तीनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है। प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने सीवरेज सिस्टम की लापरवाही और चेतावनी संकेत न होने पर नाराजगी जाहिर की है। गांव वालों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।















