इंस्टाग्राम पर यूट्यूबर सुरेश से करीब डेढ़ साल पहले नजदीकियां बनाने वाली भिवानी की रवीना ने पति की हत्या से काफी पहले ही अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर रिश्तों से दूरियां बना ली थी। उसने इंस्टाग्राम अकाउंट पर खुद को सिंगल मदर दर्शाया था, जबकि वह अपने पति प्रवीण और छह साल के बेटे मुकुल के साथ रहती थी। रवीना ने इंस्टाग्राम के साथ यूट्यूब चैनल भी बनाया हुआ था। इसमें शॉर्ट वीडियो में वह कभी मां तो कभी पत्नी और कभी भाभी का किरदार निभाती थी। उसे इस किरदार के दो से ढाई हजार रुपये प्रति शॉर्ट वीडियो मिलते थे। इन किरदारों में प्रेम का प्रदर्शन तो था लेकिन उसके जीवन में अपनों से कोई प्रेम नहीं था। रोल की दुनिया में खो चुकी रवीना ने न केवल अपने पति का गला घोंटा, बल्कि हर उस रिश्ते का भी कत्ल दिया, जो उसका करीबी था।
बेटे और पति के साथ भी इंस्टाग्राम पर कई वीडियो
रवीना ने इंस्टाग्राम अकाउंट में खुद को सिंगल मदर दर्शाया हुआ था। उसने लिखा है कि वह कर्म में विश्वास करती है। पति प्रवीण और और छह साल के बेटे मुकुल के साथ भी इंस्टाग्राम पर कई वीडियो हैं, लेकिन उसने सोशल मीडिया (इंस्टाग्राम) अकाउंट पर खुद को अकेली मां व महिला दर्शाया था। रवीना का मकसद भी स्पष्ट था उसके पति के साथ रिश्ते अच्छे नहीं थे। पति शराब पीता और ज्यादा कमाता भी नहीं था।इस वजह से भी रिश्तों में दूरियां बनी थी। सबसे अहम रवीना शॉर्ट वीडियो बनाने लगी तो उसकी थोड़ी बहुत कमाई भी होने लगी थी। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर रवीना एक उभरते हुए कलाकार के रूप में भी खुद को देखने लगी थी। पति के साथ रहना उसे रास नहीं आ रहा था, इसी वजह से उसने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से ही हटा दिया।

प्रवीण के परिजनों ने अपने स्तर पर घर से निकलने वाले सभी रास्तों की उस दिन की सीसीटीवी फुटेज निकलवाई। इसमें हत्या वाली देर रात करीब दो से ढाई बजे के बीच रवीना और हेलमेट पहनकर बाइक चलाने वाला व्यक्ति प्रवीण को कपड़े में बेसुध हालत में लपेटकर ले जाते हुए दिखा था। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने प्रारंभिक तथ्य जुटाने के बाद दोनों को राउंडअप कर सख्ती से पूछताछ की तो पत्नी ने पुलिस के सामने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या का राज उगल डाला।
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद रवीना ने बताया कि यूट्यूबर सुरेश के साथ उसके अवैध संबंध हैं। पति बार-बार उससे दूर रहने का दबाव बना रहा था। इसी के चलते वह 25 मार्च को घर आई थी। उसी रात उसने चुन्नी से गला घोंटकर पति की हत्या की और फिर प्रेमी सुरेश के साथ मिलकर देर रात को सबके सो जाने के बाद बाइक पर बीच में बैठाकर शव को दिनोद रोड ड्रेन में ठिकाने लगा डाला।















