मुजफ्फरनगर। अपर जिलाधिकारी गजेंद्र कुमार ने जानकारी दी है कि जनपद की तहसील जानसठ एवं तहसील बुढाना में आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान प्राप्त होने वाले प्रार्थना पत्रों के कम्प्यूटरीकरण कार्य के लिए वैण्डर/ऐजेंसी एवं कार्यरत लोकवाणी केन्द्र संचालकों से दरें आमंत्रित की जा रही हैं। यह प्रक्रिया प्रार्थना पत्रों की डाटा एण्ट्री, स्कैनिंग तथा डाटा अपलोडिंग जैसे कार्यों को सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से की जा रही है।अपर जिलाधिकारी ने बताया कि इस कार्य हेतु वही वैण्डर अथवा ऐजेंसी पात्र मानी जाएगी, जिनके पास स्वयं का कम्प्यूटर, इंटरनेट कनेक्टिविटी, जनरेटर की सुविधा, प्रिन्टर, स्कैनर तथा दक्ष कम्प्यूटर ऑपरेटर उपलब्ध हो। साथ ही संबंधित वैण्डर अथवा ऐजेंसी को तहसील जानसठ एवं तहसील बुढाना में निर्धारित सॉफ्टवेयर पर डाटा एण्ट्री, स्कैनिंग एवं डाटा अपलोड करने का तकनीकी अनुभव होना अनिवार्य होगा। यह भी स्पष्ट किया गया है कि चयनित वैण्डर को सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों का समय से एवं त्रुटिरहित कम्प्यूटरीकरण करना होगा, ताकि शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
इस कार्य के लिए अधिकतम चार हजार रुपये प्रतिमाह की दर से भुगतान किए जाने का प्रावधान किया गया है। चयन प्रक्रिया न्यूनतम दर के आधार पर की जाएगी। न्यूनतम दर प्रस्तुत करने वाली ऐजेंसी अथवा वैण्डर का चयन होने पर जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित शर्तों के अनुरूप उनसे अनुबन्ध किया जाएगा। अनुबन्ध की अवधि के दौरान संबंधित वैण्डर को प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।अपर जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि आवेदन पत्र का निर्धारित प्रारूप जनपद की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित कर दिया गया है। इच्छुक ऐजेंसी या वैण्डर उक्त आवेदन प्रारूप को जनपद की वेबसाइट http://muzaffarnagar.nic.in/tdiwas/form/pdf से डाउनलोड कर सकते हैं। आवेदन पत्र को पूर्ण रूप से भरकर आवश्यक अभिलेखों के साथ सील बन्द लिफाफे में जमा करना अनिवार्य होगा।
आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 12 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक ऐजेंसी अथवा वैण्डर को अपना आवेदन शिकायत प्रकोष्ठ, जिलाधिकारी कार्यालय, कलक्ट्रेट मुजफ्फरनगर में अपराह्न दो बजे तक जमा कराना होगा। निर्धारित तिथि एवं समय के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।जिला प्रशासन ने सभी इच्छुक वैण्डर एवं लोकवाणी केन्द्र संचालकों से अपील की है कि वे समय से आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें और निर्धारित शर्तों का भली-भांति अध्ययन कर लें, ताकि सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान शिकायतों के कम्प्यूटरीकरण का कार्य सुचारु रूप से किया जा सके और आम जनता को त्वरित एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।















