मुजफ्फरनगर में उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्राप्त कैलेंडर के अनुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश के निर्देशन में राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार हेतु रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर किया गया। रैली में मोटर साइकिलों के माध्यम से लोक अदालत की जानकारी आमजन तक पहुँचाई गई। रैली में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा बहुओं और पैरा लीगल वालंटियर्स (पीएलवी) ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। यह रैली जिला न्यायालय से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः न्यायालय परिसर में समाप्त हुई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सीताराम ने जानकारी दी कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 10 मई 2025, शनिवार को दीवानी न्यायालय मुजफ्फरनगर, बाह्य न्यायालय बुढाना, ग्राम न्यायालय जानसठ, ग्राम न्यायालय खतौली तथा कलक्ट्रेट मुजफ्फरनगर में किया जाएगा। इसमें आपराधिक, चेक बाउंस, बैंक ऋण वसूली, मोटर दुर्घटना मुआवजा याचिका, बिजली, पानी व टेलीफोन बिल, वैवाहिक, भूमि अधिग्रहण, राजस्व एवं सिविल वादों का निस्तारण किया जाएगा।















