राजगढ़ (अलवर)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) अलवर की टीम ने नगर पालिका राजगढ़ में कार्यरत राजस्व व भूमि शाखा प्रभारी रामहेत बैरवा को ₹12,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी अधिकारियों के अनुसार, एक परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने अपनी पत्नी के नाम से खरीदे गए एक प्लॉट का पट्टा बनवाने के लिए नगर पालिका में आवेदन किया था। आरोपी कर्मचारी ने पट्टा जारी करने और दूसरे प्लॉट के कन्वर्जन आदेश जारी करने के बदले ₹15,000 की रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता पहले ही ₹3,000 की राशि आरोपी को दे चुका था, जबकि शेष ₹12,000 की मांग पूरी करते समय एसीबी टीम ने उसे पकड़ लिया।
एसीबी की यह कार्रवाई चौकी अलवर प्रथम प्रभारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र कुमार के नेतृत्व में की गई। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की राशि बरामद कर ली और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह इस तरह की गतिविधियों में पहले भी शामिल रहा है या नहीं। एसीबी अधिकारी नगर पालिका के अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रहे हैं। इस कार्रवाई के बाद नगर पालिका में हड़कंप मच गया है और स्थानीय नागरिकों ने एसीबी की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।















