महिला सुरक्षा के लिए राजस्थान पुलिस का बड़ा कदम, “राजकॉप सिटीजन” ऐप का करें डाउनलोड

जयपुर— मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर राजस्थान पुलिस ने प्रदेशभर की महिलाओं से अपील की है कि वे आपातकालीन स्थितियों में तुरंत सहायता पाने के लिए “राजकॉप सिटीजन” ऐप अपने मोबाइल में डाउनलोड करें।

18.3 लाख से अधिक डाउनलोड, “नीड हेल्प” फीचर बना सहारा

महानिदेशक पुलिस उत्कल रंजन साहू ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर 14 दिसंबर 2024 को “नीड हेल्प” फीचर लॉन्च किया गया था। अब तक 18.3 लाख से अधिक लोग ऐप डाउनलोड कर चुके हैं, जिसमें से 1,87,040 डाउनलोड “नीड हेल्प” फीचर शुरू होने के बाद हुए हैं। इस फीचर की मदद से अब तक 13,638 महिलाओं ने पुलिस से सहायता मांगी, जिनमें से अधिकांश मामलों का निस्तारण कर दिया गया है।

महिला सुरक्षा को लेकर संवेदनशील सरकार

मुख्यमंत्री के निर्देश पर महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा के लिए कई सख्त कदम उठाए गए हैं। महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर सख्त कानून लागू किए गए, फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित किए गए, 24 घंटे चलने वाली महिला हेल्पलाइन शुरू की गई, और सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। इसके अलावा, रात्रि गश्त और महिला पुलिस थाने भी बनाए गए हैं।

आपात स्थितियों में वरदान साबित हो रहा “नीड हेल्प”

महानिदेशक साइबर क्राइम, एससीआरबी और तकनीकी सेवाएं हेमंत प्रियदर्शी के अनुसार, यह फीचर पीड़ित महिलाओं को बिना देर किए चंद मिनटों में सहायता उपलब्ध कराता है।

फरवरी और मार्च 2025 में कई मामलों में यह फीचर महिलाओं के लिए मददगार साबित हुआ:

  • जोधपुर: 4 फरवरी को एक स्कूली छात्रा को परेशान किए जाने की शिकायत मिली, जिस पर तुरंत कार्रवाई कर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।
  • जयपुर: 12 फरवरी को छेड़छाड़ की एक घटना में पीड़िता ने ऐप से मदद मांगी, और सिर्फ 3 मिनट में पुलिस मौके पर पहुंच गई।
  • होटल मामला: 4 मार्च को एक युवती को जबरदस्ती होटल में ले जाया गया। उसने बाथरूम में बंद होकर “नीड हेल्प” के जरिए पुलिस को सूचना दी, और 15 मिनट में पुलिस पहुंचकर उसे बचा लिया।

“एप है तो सेफ है”— अभियान को मिल रहा समर्थन

महानिरीक्षक शरत कविराज ने बताया कि राजस्थान पुलिस “राजकॉप सिटीजन” ऐप को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कॉलेज और कोचिंग संस्थानों में जागरूकता अभियान चला रही है। हाल ही में, “एप है तो सेफ है” टैगलाइन को भी प्रमोट किया गया है, जिसे पुलिस कंट्रोल रूम की प्रभारी एएसआई सुनीता शर्मा ने तैयार किया है।

ऐसे करें “राजकॉप सिटीजन” ऐप डाउनलोड

गूगल प्ले स्टोर या आईओएस ऐप स्टोर से “राजकॉप सिटीजन” ऐप डाउनलोड करें और मोबाइल नंबर या एसएसओ आईडी से लॉगिन करें। मदद चाहिए बटन पर क्लिक कर, तीर के निशान को स्लाइड करें और मैसेज लिखकर या रिकॉर्ड कर सबमिट करें।

यह ऐप पुलिस वाहन की लाइव लोकेशन दिखाने के साथ ही सहायता अनुरोध को ट्रैक करने की सुविधा भी देता है। सहायता मिलने के बाद पीड़िता फीडबैक भी दे सकती है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts