राजस्थान के CM का दिखा फिल्म ‘नायक’ वाला अंदाज,

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा नायक फिल्म की तरह एक्शन में नजर आए। इस दौरान उन्होंने फरियादियों से सीधे फोन पर बात कर उनकी समस्याएं सुनी और तत्काल कलेक्टर को फोन लगाकर समस्या के निपटारे के आदेश दिए।इसके कुछ समय बाद ही फरियादियों को उनकी समस्याओं पर राहत मिल गई। दरअसल, सीएम भजनलाल शर्मा सोमवार को राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे।

फरियादी को सीएम ने लगाया सीधे फोन

राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 पर किस तरीके से काम हो रहा है, इसकी जमीनी हकीकत जानने के लिए सीएम भजनलाल शर्मा सोमवार को अचानक निरीक्षण के लिए पहुंच गए, जहां उन्होंने सीधे फरियादियों को फोन लगा दिया। इस दौरान कोटपूतली बहरोड के नेमीचंद से सीएम ने फोन पर बातचीत की। इसमें नेमीचंद ने बताया कि वार्ड नंबर 29 में नाली की सफाई नहीं होने से गंदा पानी सड़क पर जमा है। इससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर सीएम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कलेक्टर को फोन लगाकर निर्देश दिए। इसी तरह नवलगढ़ के सुधीर ने एक बिजली के पोल को लेकर शिकायत की। इसमें बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत यह पोल सड़क के बीचो-बीच है, जिससे लोगों को आने जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस पर भी सीएम भजनलाल ने कलेक्टर से बात कर पोल को तुरंत हटवा दिया।

सीएम ने कहा लोगों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण हो

इस दौरान राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन के निरीक्षण के दौरान सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेल्पलाइन पर जो भी समस्याएं आती है, उनका त्वरित निस्तारण किया जाए, ताकि परिवादियों को जल्दी से राहत मिले। इस दौरान हेल्पलाइन के अधिकारियों ने सीएम को वहां की कार्य प्रणाली, शिकायत पंजीकरण और उनके निस्तारण की प्रक्रिया से अवगत कराया। सीएम ने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण हो।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts