ऋषिकेश।शहिद दुर्गामल्ल पीजी कॉलेज छात्रसंघ पदाधिकारियों ने उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से मुलाकात कर डोईवाला कॉलेज में एमकॉम और एमएससी कक्षाओं का संचालन शुरू कराने की मांग की।
कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री घोषणा भी कर चुके हैं।
मंगलवार को डोईवाला कॉलेज छात्रसंघ अध्यक्ष मोहित डंगवाल के नेतृत्व में पदाधिकारी उच्च शिक्षा मंत्री से उनके आवास पर मिले और डोईवाला कॉलेज में एमएससी और एमकॉम कक्षाओं के संचालन की मांग का ज्ञापन सौंपा।
बताया कि डोईवाला के छात्र-छात्राओं को इन कक्षाओं के लिए देहरादून और ऋषिकेश जाना पड़ रहा है। डोईवाला कॉलेज के पास इन कक्षाओं के संचालन के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध हैं। बताया कि डोईवाला कॉलेज छात्रा बाहुल्य है। ऐसे में छात्राओं को अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छात्रहित में जल्द कक्षाओं के संचालन की मांग की। इस अवसर विश्वविद्यालय प्रतिनिधि आशुतोष सिंह, पूर्व महासचिव प्रशांत डोभाल, नरेंद्र नेगी, ललित पंत आदि मौजूद थे।















