राजगढ़ (अलवर) में रेलवे डबलिंग प्रोजेक्ट के कर्मचारियों पर हमला, तीन लाख रुपये और सोने की चेन लूटी

राजगढ़ उपखंड के अंतर्गत बांदीकुई–आगरा रेलमार्ग पर चल रहे रेलवे डबलिंग प्रोजेक्ट में काम करने वाले दो कर्मचारियों पर देर शाम को अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर लूटपाट की। पीड़ित मनिष चौहान, जो गुजरात के जामनगर निवासी हैं, ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह अपने साथी के साथ फोर व्हीलर से कार्य स्थल की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी करणपुरा–भीटोली अंडरपास से आगे बढ़ी, दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक उनकी गाड़ी का पीछा करने लगे। करणपुरा रेलवे फाटक पर आरोपियों ने वाहन को रोककर अचानक हमला कर दिया। उन्होंने कार के शीशे तोड़कर दोनों कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

पीड़ित किसी तरह जान बचाकर आगे बढ़े, लेकिन मुडिया रेलवे फाटक नंबर 92 पर फाटक बंद होने से उनकी गाड़ी रुक गई। इसी दौरान 4–5 बाइकों पर आए करीब 10–15 हमलावरों ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया और पत्थरों व डंडों से हमला कर दिया। हमले में मनिष चौहान के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जबकि बीच-बचाव करने की कोशिश में उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया और बेहोश हो गया। आरोपियों ने कार के शीशे तोड़कर वाहन में रखे तीन लाख रुपये और मनिष की सोने की चेन लूट ली और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

घटना की जानकारी ग्रामीणों ने तुरंत रैणी पुलिस को दी, जिस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को रैणी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच के अनुसार हमलावरों की संख्या अधिक होने और घटना योजनाबद्ध लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आसपास के इलाकों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से हमलावरों की पहचान कर रही है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts