नागपुर में आरएसएस मुख्यालय और स्मृतिमंदिर को ‘रेडिएशन’ की धमकी दी गई है. महाल स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुख्यालय और रेशीमबाग स्थित डॉ. हेडगेवार स्मृतिमंदिर परिसर में ‘रेडियोएक्टिव’ पदार्थ डालने का दावा किया गया है. यह पत्र नागपुर के पुलिस आयुक्त डॉ. रविंद्रकुमार सिंगल को भेजा गया था. ‘डीएसएस’ नाम के संगठन ने यह पत्र भेजा है, जिसमें संघ के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का भी इस्तेमाल किया गया है. इस पत्र से हड़कंप मच गया है और एटीएस ने सभी जगहों पर जांच शुरू कर दी है.
RSS मुख्यालय को ‘रेडिएशन’ धमकी
दरअसल, यह गुमनाम पत्र 27 अप्रैल को डाक के जरिए पुलिस आयुक्त कार्यालय में पहुंचा. अंग्रेजी में लिखे इस पत्र में ‘डीएसएस’ नाम के संगठन का जिक्र किया गया है. दोसरभवन चौक के पास डेटोनेटर रखने का भी ‘डीएसएस’ ने दावा किया है. मुख्यालय, रेशीमबाग स्मृतिमंदिर और मेट्रो में ‘सीजियम-137’ नाम की रेडियोएक्टिव पाउडर डाले जाने की बात लिखी गई.इस पाउडर को बेहद खतरनाक बताते हुए कई स्वयंसेवकों के प्रभावित होने की धमकी दी गई. पत्र में जिन जगहों का जिक्र था, उनमें मुख्यालय, स्मृतिमंदिर, बीजेपी का गणेशपेठ कार्यालय और मेट्रो स्टेशन शामिल थे. वहां एटीएस ने एनडीआरएफ और परमाणु विशेषज्ञों की मदद से जांच की लेकिन कहीं भी कुछ संदिग्ध नहीं मिला.
असली खेल अब शुरू होगा
इस मामले में एटीएस की शिकायत पर संबंधित पुलिस थाने में केस दर्ज किया गया है. यह किसी की शरारत है या गंभीर धमकी, इसकी जांच जारी है. कुछ दिन पहले दोसरभवन मेट्रो स्टेशन के पीछे डॉ. उज्ज्वल लांजेवार के घर के सामने खाली जगह से डेटोनेटर और जिलेटिन की छड़ें मिली थीं. पत्र में यह भी दावा किया गया कि ये विस्फोटक भी उन्होंने ही रखे थे और यह सिर्फ चेतावनी थी, असली खेल अब शुरू होगा.















